logo

मूड

ट्रेंडिंग:

शाहजहानाबाद का नाम इंद्रप्रस्थ! दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने कहां किया बदलाव?

दिल्ली सरकार ने शाहजहानाबाद पुनर्विकास निगम का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (IVPN) कर दिया। चांदनी चौक, जामा मस्जिद और टाउन हॉल के कायाकल्प की बड़ी योजना बनाई गई है।

Rekha Gupta government Old Delhi Plan

पुरानी दिल्ली का इलाका, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को सहेजते हुए उसे आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की बड़ी योजना शुरू की है। इसी कड़ी में सरकार ने शाहजहानाबाद रिडेवलपमेंट कॉरपोरेशन का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (IVPN) कर दिया है। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य पहचान को सुरक्षित रखते हुए क्षेत्र का सुनियोजित विकास करना है।

 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई IVPN की वार्षिक आम बैठक में पुरानी दिल्ली के पुनर्विकास, विरासत संरक्षण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य ऐसे हों, जिनसे पुरानी दिल्ली की मूल पहचान बनी रहे और लोगों को बेहतर सुविधाएं भी मिलें।

 

यह भी पढ़ें: पटना में एक ही घर से निकले 40 सांप, घरवालों का क्या हुआ?

चांदनी चौक और टाउन हॉल पर रहेगा खास फोकस

बैठक में सबसे ज्यादा जोर चांदनी चौक के पुनर्विकास पर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाजार का विकास उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को बरकरार रखते हुए किया जाए। यहां हर दिन लाखों लोग आते हैं, इसलिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, बेहतर सफाई और दूसरी जरूरी नागरिक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ऐतिहासिक टाउन हॉल का भी कायाकल्प किया जाएगा। योजना के तहत चांदनी चौक की तरफ से एक नया और बड़ा एंट्रेंस और एग्जिट शामिल होगा, ताकि इस इलाके को एक बड़े पर्यटन और विरासत केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

 

सरकार ने फैसला किया है कि चांदनी चौक और आसपास के पुराने विरासत वाले इलाकों के विकास से पहले इतिहासकारों, हेरिटेज एक्सपर्ट विशेषज्ञों और आर्किटेक्ट्स की राय ली जाएगी। इसका मकसद यह है कि इलाके की ऐतिहासिक पहचान और पुराना स्वरूप बरकरार रहे। साथ ही, स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

पर्यटकों की सुविधा के लिए चांदनी चौक में एक खास कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां उन्हें जरूरी जानकारी और हर तरह की मदद मिलेगी। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था भी बेहतर की जाएगी, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो और लोगों की आवाजाही आसान हो सके।

 

यह भी पढ़ें: इंस्पेक्टर के पास 2.36 करोड़ की अवैध संपत्ति? बिहार में 5 ठिकानों पर छापेमारी

जामा मस्जिद से यमुना बाजार तक होगा विकास

सरकार ने यमुना बाजार में मौजूद हनुमान मंदिर और उसके पीछे के पूरे इलाके के विकास का पूरा प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जामा मस्जिद इलाके और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने वाले श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग को भी नया रूप देने और सुंदर बनाने की योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विकास सिर्फ सड़कें बनाने या इमारतें खड़ी करने तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने, पर्यटन को बढ़ावा देने, कारोबार को मजबूत करने, साफ-सफाई बेहतर करने और पर्यावरण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

 

अधिकारियों के मुताबिक, करीब 7.12 वर्ग किलोमीटर में फैली 350 साल से भी ज्यादा पुरानी दिल्ली में एक विश्व धरोहर स्थल, 20 संरक्षित स्मारक और 700 से ज्यादा स्थानीय विरासत स्थल मौजूद हैं। सरकार का मानना है कि इस योजना से पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान और मजबूत होगी, साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी नई रफ्तार मिलेगी।


और पढ़ें