बिहार के मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी
बुधवार (18 नवंबर) को राघोपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार
के नाम पर बन रहे सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ मुख्यमंत्री के बॉडीगार्ड द्वारा कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया।
अब यह मामला सियासी तूल पकड़ने लगा है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस मुद्दे पर बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को घेरा है। पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने सवाल उठाया कि सत्ता और स्वार्थ की राजनीति में जेडीयू नेताओं का जमीर कब जागेगा? उन्होंने कहा कि एक तरफ पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ निरीक्षण के दौरान उनके बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को अपमानित किया जा रहा है।
निशांत कुमार के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मीडिया से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान पीछे से निशांत कुमार मुख्यमंत्री के करीब आते दिखाई देते हैं। जैसे ही वह मुख्यमंत्री के पास पहुंचते हैं, उनकी सुरक्षा में तैनात SSG के एक बॉडीगार्ड उन्हें पीछे की ओर पीछे धकेल देते हैं। इसके बाद निशांत कुमार वहां से चले जाते हैं। इसी घटना को लेकर आरजेडी नेता सवाल उठा रहे हैं।
'जेडीयू का जमीर कब जागेगा?'
आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि निशांत के साथ हुए कथित अपमान पर बीजेपी और मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। उन्होंने जेडीयू पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता कब तक सत्ता और स्वार्थ की मलाई की राजनीति में अपने नेताओं का अपमान बर्दाश्त करते रहेंगे। एजाज ने इस पूरे प्रकरण को लेकर बीजेपी और जेडीयू दोनों से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि जेडीयू के नेता सत्ता में बने रहने के लिए अपमान भी सह रहे हैं।
एजाज अहमद ने कहा, 'एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर नीतीश सेतु का नामकरण किया जा रहा है। तो दूसरी तरफ उसी सेतु के निरीक्षण के दौरान उनके बेटे को अपमानित किया जा रहा है। यह कैसी राजनीति है? बीजेपी जेडीयू को अपमानित कर रही है। फिर भी जेडीयू चुप है।'
यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता
मुख्यमंत्री से मांगा जवाब
एजाज अहमद ने बीजेपी और मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि उनके बॉडीगार्ड ने निशांत के साथ ऐसा क्यों किया। इस मामले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष पर हमलावर है।
आरजेडी ने सवाल उठाया है कि जेडीयू इस मामले पर चुप क्यों है? क्या जेडीयू के नेताओं को अपने नेता के बेटे के अपमान से कोई फर्क नहीं पड़ता? वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में हड़कंप मच गया है। लोग इस वीडियो को देखकर हैरान हैं। लोगों का कहना है कि एक मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार सही नहीं है। अगर मंत्री के साथ ऐसा हो सकता है तो आम आदमी के साथ क्या होगा।
यह भी पढ़ें: छठ पर CM सम्राट चौधरी ने दिया तोहफा, 14.78 करोड़ से हुआ देव सूर्य मंदिर का विकास
बीजेपी-जेडीयू में क्या है रिश्ता?
बिहार में बीजेपी और जेडीयू की गठबंधन सरकार है, लेकिन दोनों पार्टियों के बीच अक्सर तनाव की खबरें आती रहती हैं। आरजेडी इस मुद्दे को लेकर बीजेपी और जेडीयू को घेरना चाहती है। आरजेडी का कहना है कि गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं है। अब देखना होगा कि इस मामले पर बीजेपी और जेडीयू क्या जवाब देते हैं।