बिहार में शराबबंदी के बावजूद दूसरे राज्यों से शराब लाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। समस्तीपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट AC कोच से एक महिला को शराब की खेप के साथ पकड़ा है। महिला के सामान से करीब 75 लीटर शराब बरामद होने की बात सामने आई है। RPF ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से जयनगर जा रही थी। इसी दौरान RPF को गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन के जरिए शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने ट्रेन के फर्स्ट AC कोच में तलाशी ली। जांच के दौरान महिला के सामान से शराब की कई बोकलें बरामद की गईं।
यह भी पढ़ें: बिहार के टीचर्स की ट्रेनिंग के लिए बनेगी यूनिवर्सिटी, AI पर भी होगा जोर
बैग से मिली ब्रांडेड शराब
RPF के अनुसार, बरामद शराब में Red 6900, Paper Teacher और Blenders Pride जैसे ब्रांड शामिल हैं। कुल करीब 75 लीटर शराब मिलने की बात कही जा रही है। शराब की अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है। बरामदगी के बाद महिला को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। RPF यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने शराब कहां से खरीदी थी और इसे बिहार में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। जांच में शराब की खरीद और उसके संभावित खरीदार से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: लोग रोकते रहे, बाय-बाय करके चिनाब नदी में कूद गई लड़की
शराबबंदी के बावजूद जारी है तस्करी
बिहार में शराब की बिक्री और सेवन पर रोक है। इसके बावजूद दूसरे राज्यों से शराब लाकर बिहार में पहुंचाने की कोशिशें लगातार सामने आती रही हैं। तस्कर इसके लिए कार, बस, ट्रक, और ट्रेन जैसे अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल करते हैं। समस्तीपुर में हुई यह कार्रवाई भी RPF को मिली विशेष सूचना के आधार पर की गई। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से आई थी और इसे बिहार में किसे सौंपा जाना था। मामले में आगे की जांच के बाद ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और शराब की कुल कीमत की जानकारी सामने आएगी।