हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के OSD रहे 2011 बैच के HCS अधिकारी सतीश कुमार सैनी को हरियाणा सरकार ने अब नई जिम्मेदारी सौंपी है। सतीश कुमार सैनी अब हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के चैयरमैन नियुक्त किया गया है। हाल में वह हरियाणा लोक सेवा आयोग में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर सेवाएं दे रहे थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेयरमैन पद के लिए शपथ समारोह हरियाणा राजभवन में आयोजित होगा।
बता दें कि सतीश कुमार सैनी बीजेपी सरकार के दूसरे कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के OSD रहे थे। इस पद पर वह जनवरी, 2020 से फरवरी 2022 तक रहे। सतीश कुमार सैनी 22 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए आलोक वर्मा की जगह लेंगे। करीब एक सप्ताह से खाली चल रहे इस पद पर किसी सदस्य को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी। अब चेयरमैन पद पर सतीश कुमार सैनी को नियुक्ति किया गया है।
यह भी पढ़ें: अंबाला के शहीदी स्मारक की खासियत क्या है, कब होगा उद्घाटन?
कौन हैं एचसीएस सतीश कुमार सैनी
सतीश कुमार सैनी मूल रूप से सोनीपत जिले के निवासी हैं और वर्ष 2011 बैच के HCS अफसर हैं। सतीश कुमार सैनी जनवरी 2020 से फरवरी 2022 तक पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के OSD रहे हैं। इसके बाद से वह HPSC में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर रहे। 23 अक्टूबर को उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। अब उन्हें HPSC में चैयरमैन नियुक्त किया गया है। कमीशन में अब एक चेयरमैन समेत 5 सदस्य होंगे। वर्तमान में ज्योति बैंदा, ममता यादव, आनंद कुमार शर्मा और डॉ. सोनिया त्रिखा सदस्य हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में 'मिशन सफलता' शुरू, 10वीं-12वीं के छात्रों का होगा ओपन बुक टेस्ट
HPSC भर्ती प्रक्रिया में निभाता है महत्वपूर्ण भूमिका
हरियाणा के गठन के बाद से अब तक HPSC के 16 अध्यक्ष रह चुके हैं। सतीश कुमार सैनी 17वें अध्यक्ष होंगे। बता दें कि हरियाणा के सरकारी विभागों के लिए फर्स्ट और सेकंड क्लास अफसरों के इंटरव्यू से चयन प्रक्रिया तक हरियाणा लोक सेवा आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।