ओडिसा के तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को एक कार्गो जहाज डूब गया। पनामा के झंडे वाले एमवी ओशन-विजेता नाम का यह जहाज ओडिशा के पारादीप पोर्ट से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे।
आधिराकियों के मुताबिक, जहाज ने 20 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे पारादीप बंदरगाह से अपनी यात्रा शुरू की थी। इसमें करीब 1,700 टन लौह अयस्क लदा था। क्रू में चीन के 20, म्यांमार 3 और बांग्लादेश का एक नागरिक शामिल था। फिलहाल यह साफ नहीं है कि हादसे के बाद कितने लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।
यह भी पढ़ें: युवाओं को कमान, हर पद पर सिर्फ 2 टर्म; चुनावी हार के बाद DMK के 9 बड़े फैसले
22 अगस्त को टूटा जहाज से संपर्क
श्री विजयपुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र को 22 अगस्त की सुबह 11:48 बजे जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मिली। जहाज का संचालन करने वाली कंपनी विक्ट्री स्टार ग्रुप कंपनी लिमिटेड ने इसकी जानकारी देते हुए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद मांगी। सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू कर दिया। समुद्र में आसपास मौजूद दूसरे जहाजों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू टीम की मदद कर सकें।
कोस्ट गार्ड के 3 जहाज तलाश में जुटे
भारतीय तटरक्षक बल ने बचाव अभियान के लिए वरद और अनमोल को रवाना किया है। इसके अलावा श्री विजयपुरम से विजित को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है। टीमें समुद्र में क्रू मेंबरों की तलाश कर रही हैं। हादसे के बाद समुद्री हालात भी रेस्क्यू टीम के लिए चुनौती बने हुए हैं। एजेंसियां लगातार आसपास के समुद्री क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं।
यह भी पढ़ें: कसोल में रेव पार्टी की आड़ में नहीं होगी नशेबाजी, शिकंजा कसने की तैयारी
एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने PTI को बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि जहाज पर सवार कितने लोगों को सुरक्षित बचाया जा सका है। उन्होंने कहा कि आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी बचाव अभियान में मदद करने के लिए कहा गया है। अभी तक जहाज के डूबने की वजह सामने नहीं आई है। भारतीय एजेंसियां एक तरफ लापता क्रू मेंबरों की तलाश कर रही हैं, वहीं हादसे की परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल प्राथमिकता सभी क्रू मेंबरों को सुरक्षित निकालना है।