बिहार के सीवान जिले में दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा नहर के पास हुई जो थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है। मृतक की पहचान तरवारा निवासी
नीतीश कुमार
के रूप में हुई है। वह एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करते थे।
बताया जा रहा है कि नीतीश बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद बाजार गए थे और घर लौटते समय दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आधा दर्जन से अधिक गोलियों के निशान
सदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार नीतीश के शरीर में आधा दर्जन से अधिक गोलियों के निशान हैं। ज्यादातर गोलियां सीने और पेट में लगी हैं। डॉक्टरों ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा कि कुल कितनी गोलियां लगी थीं और किस दूरी से फायरिंग हुई। घटना की सूचना मिलते ही जीबी नगर थाना पुलिस और एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से खोखे भी बरामद किए गए हैं जिन्हें जांच के लिए एफएसएल टीम को सौंपा गया है। नीतीश की हत्या की खबर सुनते ही अस्पताल और उनके घर पर परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का कहना है कि नीतीश सरल स्वभाव के थे और किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी।
यह भी पढ़ें: चुनावी खर्च का हिसाब नहीं दिया, 44 उम्मीदवार अब 3 साल तक नहीं लड़ पाएंगे चुनाव
थाना से 500 मीटर की दूरी पर हत्या
थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह वारदात हुई वहां दिन में भी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद अपराधी आराम से आए फायरिंग की और फरार हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी लूटपाट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गश्त न के बराबर है। लोगों ने मांग की है कि नहर किनारे और बाजार क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। मृतक के भतीजे सन्नी सिंह ने कहा कि चाचा बच्चे को स्कूल छोड़कर घर आ रहे थे। तभी 4 लड़कों ने गोली मार दी। थाना पास में है फिर भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची।
यह भी पढ़ें: सीवान गोलीकांड पर तेजस्वी का सवाल, अब राज्यपाल से मिलकर करेंगे शिकायत
जांच में जुटी SIT टीम
एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए SIT समेत कई टीमों का गठन किया गया है। FSL टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और फाइनेंस कंपनी के लेन-देन दोनों एंगल पर काम किया जा रहा है। जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जीबी नगर थाना के सब इंस्पेक्टर त्रिभुवन सिंह ने बताया कि नीतीश के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ कर रही है जिनसे नीतीश का फाइनेंस को लेकर लेन-देन था। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की है।