दिल्ली के निहाल विहार से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां 31 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता को उनके ही घर में घुसकर ससुराल वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के पहले पति-पत्नी के बीच एक मामूली बात को लेकर बहस हुई, बाद में पत्नी नाराज होकर अपने घर चली गई और अपने भाइयों को बुला लाई। भाइयों ने घरवालों के सामने ही विनय को इतना मारा कि उसकी जान चली गई।
विनय गुप्ता की हत्या के आरोप में पुलिस ने पत्नी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें विनय की पत्नी रेखा गुप्ता, भाई राजू जिंदल, भाई वेद प्रकाश जिंदल और उनकी भाभी व राजू की पत्नी पूनम का नाम शामिल है। पुलिस ने बताया कि राजू चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और वेद प्रकाश बिजनेसमैन।
यह भी पढ़ें: स्कूलों का सच दिखाना पड़ा भारी, अभिजीत दीपके पर FIR, क्या-क्या आरोप लगे हैं?
बच्चे को दवा लगाने पर हुई थी मामूली बहस
दोनों की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी। उनके चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं। एक लड़का और एक लड़की। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह विनय और हाउसवाइफ रेखा के बीच चल रहे वैवाहिक झगड़े थे। पीड़ित की बहन कीर्ति ने बताया कि दोनों के बीच तब बहस हुई जब रेखा ने बच्चों में से एक को दवा लगाने से मना कर दिया और विनय से ऐसा करने को कहा। बाद में वह घर से चली गई और 10 मिनट बाद अपने भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लौटी।
कीर्ति के मुताबिक कस से कम छह लोग थे, और उन्होंने मेरे पिता, मेरी मां और मेरे भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। कीर्ति ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने विनय को मारा और उसका गला घोंट दिया। वे उसकी छाती पर बैठ गए और उसे पीटा। उन्होंने यह भी बताया कि जोड़े के बीच पहले भी झगड़े हुए थे और विनय के साले ने पहले भी उसे धमकी दी थी।
पिता और मां के सामने हत्या
विनय के पिता प्रेम चंद ने बताया कि उन्हें शुरू में लगा कि रेखा के रिश्तेदार बातचीत करने आए हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए मैं उन्हें ऊपर ले गया और पानी दिया। लेकिन जैसे ही मेरा बेटा आया, उन्होंने उस पर हमला कर दिया। मैं उनके सामने खड़ा था और उन्होंने मुझे धक्का दिया। विनय की मां ने कहा कि उन्होंने और उनके पति ने हमलावरों से रुकने की गुहार लगाई थी। मां ने बताया कि मैं उन्हें हटाने की कोशिश करती रही, लेकिन उन्होंने मुझे भी दूर धकेल दिया। विनय की बहन के पति दिव्यांश बंसल ने बताया कि विनय की पत्नी वहीं खड़ी होकर यह हिंसा देख रही थी।
CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें कथित हमलावरों के साथ एक कार को घर पर आते हुए देखा जा सकता है। फुटेज के एक और हिस्से में, एक घायल व्यक्ति को घर से बाहर लाकर कुर्सी पर बैठाते हुए देखा जा सकता है। विनय को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।