बिहार के बेगूसराय में अवैध शराब का कारोबार कर रहे एक युवक ने अपने पिता पर ही हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक के पिता ने उसे शराब का कारोबार करने से रोका था जिसके चलते उसने अपने ही पिता पर हमला कर दिया। इस हमले में गोली लगने से युवक के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने के बाद तुरंत उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
यह मामला बेगूसराय के छौराही थाना क्षेत्र के पताही गांव का है। बताया जा रहा है कि पताही गांव के संतोष कुमार यादव आज सुबह जब अपने घर के दरवाजे के बाहर खड़े थे तभी उनका बड़ा बेटा दीपक कुमार भी वहां पहुंचा। उन दोनों के बीच मोटरसाइकिल को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो बेटे ने पिता के पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग उनके घर आए और संतोष यादव को बेगूसराय के अस्पताल लेकर गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेगूसराय अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- ऑफिस जाते समय हादसे में मौत हो जाए तो मिलेगा मुआवजा, SC का फैसला
अवैध शराब के कारोबार पर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि दीपक कुमार अवैध शराब का कारोबार करता था और उसके पिता को यह पसंद नहीं था। वह अवैध कारोबार के लिए जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था वह उसके पिता संतोष यादव के नाम पर रजिस्टर्ड है इसलिए संतोष अपने बेटे को अवैध कारोबार में उनके मोटरसाइकिल के इस्तेमाल से भी रोकता था।
संतोष यादव ने अपने बेटे से यहां तक कह दिया था कि वह मोटरसाइकिल को अपने नाम पर कर ले वरना अवैध कारोबार छोड़ दे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो रहा था। विवाद के बीच ही दीपक ने बंदूक निकाली और अपने पिता के पेट में गोली मार दी और वहां से फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के तुरंत बाद संतोष कुमार को उसके परिवार के अन्य लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवा दिया। पुलिस को सूचना मिली तो छौड़ाही थाना की पुलिस ने अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी। बेटे ने अपने ही बाप को गोली मार दी इस खबर से लोग हैरान हैं। मंझौली के डीएसपी नवीन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ेंः हैदराबाद का कलंक: 90,000 में खरीदी कोख, 35 लाख में बेचा फर्जी बच्चा
डीएसपी नवीन कुमार ने बताया, 'पुलिस को सूचना मिली है कि बेटे ने अपने पिता को गोली मार दी है। आरोपी बेटा अभी फरार चल रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुट गई है। घटना के कारणों की जांच पड़ताल की जा रही है।'
एसपी मनीष ने प्रेस रिलीज कर बताया, 'आज सुबह 9:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बेटे ने आपसी विवाद के चलते अपने पिता को गोली मार कर घायल कर दिया है। बेगूसराय में इलाज के बाद उसे पटना रेफर किया गया है। मंझौल डीएसपी के नेतृत्व में इस मामले की जांच जारी है। '