केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हिल काउंसिल, पंचायत और निकाय चुनावों की तारीखों का एलान किया गया है। मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने घोषणा की है कि पंचायत और लेह-कारगिल नगर परिषदों के चुनाव 21 नवंबर को होंगे जबकि 8 ऑटोनॉमस हिल डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (LAHDC) की 100 सीटों के लिए 4 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। हालांकि प्रशासन के इस फैसले का स्थानीय लोग और
सोनम वांगचुक
कड़ा विरोध कर रहे हैं। वांगचुक का कहना है कि लद्दाख के इतिहास में कभी भी दिसंबर के महीने में चुनाव नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नामांकन और नाम वापसी के लिए केवल 11 दिन का समय दिया गया है। यह कानूनी रूप से सही नहीं है।
उन्होंने इसके विरोध में 12 नवंबर को पूरे लद्दाख में बड़े प्रदर्शन का एलान किया है। आपको बता दे कि लद्दाख में जिलों की संख्या 2 से बढ़ाकर 8 किए जाने के बाद दोनों क्षेत्रों लेह और कारगिल की सीटें 26-26 से बढ़ाकर 50-50 कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरी चुनावी प्रक्रिया 8 दिसंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें: छुट्टी पर आया था राष्ट्रपति भवन में तैनात गार्ड, पटाखों के चक्कर में मार दी गोली
सोनम वांगचुक का विरोध
सोनम वांगचुक इस चुनाव का कड़ा विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह बात समझ ही नहीं आ रही कि सरकार की क्या मजबूरी है जो वह दिसंबर के महीने में चुनाव कराने को मजबूर है। इतनी ठंड में प्रदेश में कोई रहता नहीं है। लोग बाहर चले जाते हैं। सोनम वांगचुक ने कहा, 'यह मामला लद्दाख के आठ नए जिलों में हिल काउंसिल चुनाव की घोषणा से जुड़ा है। इतिहास में कभी भी दिसंबर के महीने में चुनाव नहीं हुए हैं। आखिर दिसंबर में ही इन अहम चुनावों को कराने की इतनी जल्दी क्यों है? इसके अलावा, हमारे कानूनी सलाहकारों के अनुसार, चुनाव नोटिफिकेशन में नामांकन और नाम वापस लेने की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया है। इसके लिए केवल 11 दिन दिए गए हैं जो कानूनी तौर पर भी सही नहीं है। यह 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम' (RPA) के खिलाफ है।'
उन्होंने आगे कहा, 'इसलिए, हम मांग करते हैं कि इस फैसले पर फिर से विचार किया जाए। इसे देखते हुए, 12 नवंबर को एक विरोध प्रदर्शन रखा गया है। इसमें पूरा समुदाय इकट्ठा होगा। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक हमारा धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। हम उन लोगों के लिए न्याय चाहते हैं जिनकी जान चली गई। हम उन 70 से 80 घायल लोगों के लिए भी समाधान चाहते हैं। इन पर फिलहाल कानूनी मामले चल रहे हैं। साथ ही, हमारा सुझाव है कि चुनाव मई या जून में कराए जाएं, जब मौसम अनुकूल हो और लोग वास्तव में लद्दाख में मौजूद हों।'
क्या रहेगा चुनावी शेड्यूल?
लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा के अनुसार, उपराज्यपाल ने 8 नए जिलों के गठन के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि सीटों के परिसीमन में आबादी को मुख्य आधार बनाया गया है। नियमों के मुताबिक किसी पंचायत क्षेत्र या नगर निकाय वार्ड को बांटा नहीं गया है बल्कि जरूरत के अनुसार दो या अधिक पंचायतों को मिलाकर एक निर्वाचन क्षेत्र तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा, 'केंद्र शासित प्रदेश के राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत चुनावों की घोषणा की है, जो 21 नवंबर को होने वाले हैं। इसके अलावा, उपराज्यपाल ने आठ जिलों के गठन की घोषणा और अधिसूचना के बाद, राज्य चुनाव आयोग ने इन सभी जिलों के लिए एक 'ऑटोनॉमस हिल डिस्ट्रिक्ट काउंसिल' (LAHDC) बनाने की भी घोषणा की है। आधिकारिक अधिसूचना के बाद, LG ने प्रत्येक जिले के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या तय की। डिलिमिटेशन प्रक्रिया के दौरान, इन संख्याओं को तय करते समय कुछ सिद्धांतों को ध्यान में रखा गया था। इनमें संबंधित जिलों की जनसंख्या भी शामिल थी।'
यह भी पढ़ें: UP में संविदा पर काम करने वाले हेल्थ वर्कर्स को भी मिलेगा PF, क्या है शर्त?
हिल काउंसिल (LAHDC) चुनाव में नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर तय किया गया है। इसके साथ ही नामांकन-पत्रों की जांच के लिए 18 नवंबर तक का समय है। प्रत्याशियों के पास अपने नाम वापस लेने के लिए अंतिम तारीख 20 नवंबर होगी। प्रदेश में चुनाव 4 दिसंबर को होंगे और नतीजों की घोषणा 8 दिसंबर से पहले तक पूरी कर ली जाएगी।