logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सुपौल में नेशनल हाइवे के पास कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने कुचला, 5 की मौत

एक तेज रफ्तार कार से कुचले जाने के कारण बिहार के सुपौल में 5 लोगों की मौत हो गई। एक शख्स गंभीर रूप से घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

road accident in supaul

लोगों को कुचलने वाली कार, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नेशनल हाइवे 327E पर कटैया चौक के पास सड़क किनारे कीर्तन (भजन) कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाइवे जाम कर दिया, जिससे आवाजाही ठप हो गई। 

 

जानकारी के अनुसार, कटैया चौक के पास सड़क किनारे झूलन पूजा के मौके पर कुछ लोग कीर्तन कर रहे थे। गांव में भक्ति का माहौल था। लोग भजन-कीर्तन में लीन थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और सीधे कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले भाई बना हत्यारा, दो सगी बहनों पर गोली चलाकर की हत्या, हुआ फरार

2 ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में तिलो दास, राजो दास और सुरेन्द्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सुपौल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह ने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार कुल पांच लोगों की मौत हो गई है। घायल रामचंद्र यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर परिजन के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। पूरे गांव में मातम पसर गया।

आक्रोशित लोगों ने किया NH जाम, अस्पताल में हंगामा

हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। लेकिन दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। इससे NH-327ई पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही देर रात अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। उधर, मृतकों के परिजन ने सुपौल सदर अस्पताल में भी जमकर हंगामा किया। परिजन का आरोप था कि समय पर इलाज नहीं मिला। हंगामे की सूचना पर डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आर एस खुद सदर अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने परिजन को उचित मुआवजा और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

यह भी पढ़ें: एक और पेपर में गड़बड़ी, महाराष्ट्र सरकार ने रद्द कर दी ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती


पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कार को जब्त कर लिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कटैया चौक के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बनते हैं। सड़क किनारे कोई बैरिकेडिंग नहीं है। रात के समय स्ट्रीट लाइट भी नहीं जलती। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस जगह पर स्पीड ब्रेकर और रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें