ओडिशा के पुरी में चल रही विश्व प्रसिद्ध भगवान जगनन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मंगलवार को भारी भीड़ की वजह से भगदड़ जैसे हालात बन गए। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अचानक धक्का-मुक्की बढ़ गई, जिससे 200 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में दिक्कत होने की खबर आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना पुरी की ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर हुई, जहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की रथ यात्रा देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने के कारण कई लोग एक-दूसरे के बीच फंस गए और घुटन महसूस करने लगे। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और प्रभावित श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें: 3 साल बाद भी क्यों चालू नहीं हुआ निशातपुरा स्टेशन? रेलवे ने बताई असली वजह
रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) की टीम ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया। बचावकर्मियों ने भीड़ में फंसे लोगों को बाहर निकालकर पुरी मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों और बिमार पड़े श्रद्धालुओं पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। मीडिया रिपोर्टों में घटना के दौरान एक व्यक्ति की मौत की आशंका जताई गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन ने किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें: साल में दो बार कैसे होगी प्याज खेती? BBAU की नई खोज ने मचाई सनसनी
पिछले साल 3 श्रद्धालुओं की हुई थी मौत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल पुरी में गुंडिचा मंदिर के पास भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालु वहां पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसे हालात बन गए।