महाराष्ट्र के डोंबिवली के मोठागांव इलाके में 9 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी प्रभु कराकडे ने 20 दिन बाद ठाणे पुलिस के पास जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतक का नाम विशाल कदम है।
विशाल और प्रभु करीबी दोस्त थे। एक रात दोनों साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों में मामूली बहस हो गई। आरोप है कि प्रभु ने विशाल को लात-घूंसों से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: मोबाइल तोड़ने पर बेटी ने पिता को मार डाला, कुकर के ढक्कन और चाकू से किया हमला
मकान मालिक की मदद से फेंकी लाश
हत्या के बाद प्रभु घबरा गया। उसने अपने मकान मालिक संदेश म्हात्रे से मदद मांगी। दोनों ने विशाल के शव को बोरे में भरा और रात में एक खाड़ी के पास सुनसान जगह ले जाकर फेंक दिया।
प्रभु ने पहले शहर छोड़कर भागने की योजना बनाई थी। उसे लगा कि वह बच निकला है लेकिन हत्या के बाद 20 रातों तक वह सो नहीं सका। आरोप है कि दोस्त उसे बार-बार सपनों में दिखाई देता था। परेशान होकर वह पछतावे में पुलिस के पास पहुंचा और आत्मसमर्पण कर बैठा।
यह भी पढ़ें: एक मरीज की आत्महत्या के बाद नशा मुक्ति केंद्र से भागे 70 से ज्यादा लोग
खुद भी गया, मकान मालिक को भी कराया गिरफ्तार
पुलिस ने प्रभु को गिरफ्तार कर लिया। शव ठिकाने लगाने और सबूत छिपाने में मदद के आरोप में मकान मालिक को भी पकड़ा गया। दोनों को कल्याण कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस अब हत्या की सही वजह की जांच कर रही है। मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।