मध्य प्रदेश में इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक रिहैब सेंटर में भर्ती सचिन लोधी नाम के युवक के वॉशरूम के अंदर सुसाइड करने की बात सामने आई। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो सिक्योरिटी गार्ड ने दरवाजा तोड़ा। इसके बाद उसे फंदे से लटका पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सेंटर में ऐसा माहौल बना कि वहां भर्ती 70 से ज्यादा मरीज मौका पाकर फरार हो गए। कई मरीजों ने मुख्य गेट का ताला खोलकर भाग गए। कुछ ऊंची बाउंड्रीवॉल कूदकर सड़क की तरफ भाग निकले।
यह भी पढ़ें: छात्रा पर आरी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस से मुठभेड़ में लगी गोली
परिवार के लोगों ने सेंटर पर उठाए सवाल
सचिन के जीजा केशव लोधी के मुताबिक, सचिन को करीब एक महीने पहले इस नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। परिवार के लोगों का कहना है कि जिस दिन घटना हुई उसी ही दिन की सुबह ही उन्होंने सेंटर में उसकी फीस और डिपॉजिट जमा किया था। फीस जमा करने के कुछ घंटों के बाद ही उन्हें उसकी मौत की खबर मिल गई। परिवार वालों ने सेंटर के मैनेजमेंट पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: जिस घर में मुस्कान ने सौरभ को मारा, उसका खुला ताला; दीवाली बाद होगी पुताई
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलते ही रावजी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब रिहैब सेंटर के CCTV फुटेज खंगाल रही है। इसकी मदद से पूरी घटना की सही जानकारी मिलने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, भागे हुए मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए उनके परिवार वालों के साथ संपर्क किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अचानक इतने सारे लोगों को सड़कों पर दौड़ते देख हैरान रह गए। पुलिस ने बताया कि उन लोगों की तलाश जारी है।