उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से सामने आई एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। जिस युवक को मृत मानकर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया, वही शुद्धि संस्कार के दिन अचानक जिंदा घर लौट आया। युवक को सामने देखकर परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में सनसनी फैल गई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह किसका था? पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है।
औरैया जिले के सैदपुर गांव में परिवार अंतिम संस्कार के बाद शुद्धि संस्कार की तैयारियों में जुटा था। इसी दौरान कथित मृतक कमल सिंह अचानक घर पहुंच गया। उसे सामने देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। कुछ देर तक किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि जिसे मृत समझकर विदाई दे दी गई थी, वह उनके सामने जिंदा खड़ा है।
हाईवे किनारे मिला था सड़ा-गला शव
जानकारी के अनुसार, भीखेपुर गांव के पास हाईवे किनारे पुलिस को एक अज्ञात शव मिला था। शव काफी सड़ चुका था और उसका आधा चेहरा भी क्षतिग्रस्त था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। मृतक ने मेहरून रंग की शर्ट, नीले रंग की लोअर पहन रखी थी तथा गले में तौलिया और हाथ में ब्रेसलेट था।
यह भी पढ़ें: UP: मंत्री के बाद मायावती का घेराव, 69 हजार शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
परिजनों ने कपड़ों और सामान से की थी पहचान
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की। इसी दौरान सैदपुर निवासी दशरथ सिंह ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान अपने भाई कमल सिंह के रूप में की। इसके बाद परिजनों ने शव को अपने कब्जे में लेकर पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कर दिया।
अब सबसे बड़ा सवाल, किसका हुआ अंतिम संस्कार?
कमल सिंह के जिंदा लौटने के बाद पूरा मामला पलट गया है। अब यह रहस्य बना हुआ है कि जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह आखिर किस व्यक्ति का था। इस सवाल का जवाब तलाशना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: 15 मौतों वाली बिल्डिंग पर चला बुलडोजर! 32 दिन बाद LDA का बड़ा एक्शन
पुलिस ने फिर खोली केस डायरी
कमल सिंह के जीवित होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात शव की वास्तविक पहचान कराने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। औरैया की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे अविश्वसनीय बताते हुए यही सवाल पूछ रहे हैं कि जब कमल सिंह जिंदा है तो फिर जिस व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया, वह आखिर कौन था। पुलिस अब इस रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश में जुटी है।