logo

ट्रेंडिंग:

नालंदा में एक साथ गायब हुईं तीन स्कूली छात्राएं, अनहोनी की आशंका

बिहार के नालंदा जिले में तीन स्कूली लड़कियों के रहस्यमय तरीके से गायब होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Three schoolgirls go missing in Nalanda

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGpt

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

संजय सिंह, पटना: बिहार के नालंदा जिले में तीन स्कूली छात्राओं के अचानक लापता हो जाने से इलाके में चिंता और दहशत का माहौल बन गया है। मामला बिहार थाना क्षेत्र का है। जहां एसएसके बालिका उच्च विद्यालय की तीन सहेलियां शनिवार को मैट्रिक परीक्षा की तैयारी के लिए निर्धारित अध्ययन केंद्र पर गई थीं लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। परिजन ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई है।

 

जानकारी के अनुसार, मैट्रिक परीक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्राओं की पढ़ाई के लिए कॉलेजिएट हाई स्कूल में अस्थायी कक्षाओं की व्यवस्था की थी। शनिवार को तीनों छात्राएं रोज की तरह पढ़ने पहुंचीं। दोपहर में कक्षाएं खत्म होने के बाद वे स्कूल परिसर से बाहर निकलीं लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिवार वालों की चिंता बढ़ गई।

 

यह भी पढ़ें: मंदिर के पास नमाज पढ़ रहे शख्स को पीटा, जबरन बुलवाया 'जय श्री राम'

परिजन ने जताई अनहोनी की आशंका

परिजन ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क करके तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रविवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। परिवार के एक सदस्य ने आशंका जताई है कि एक अन्य परिचित लड़की और एक युवक ने मिलकर बच्चियों को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाने की साजिश रची हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी अपहरण की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की बात कही है।

CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मुख्य चौराहों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। इसके अलावा छात्राओं के मोबाइल फोन की लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में ठोस सुराग मिलने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें: 'प्रभु सद्बुद्धि दें...', BSP के उमाशंकर सिंह के घर रेड पर भड़के BJP के मंत्री

 

गौरतलब है कि इस घटना से करीब दो दिन पहले जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में कई लड़कियों को बरामद किया गया था। उस घटना के बाद से ही इलाके में सतर्कता बढ़ी हुई थी। ऐसे में तीन छात्राओं की गुमशुदगी ने अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में संदिग्ध बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे डर का माहौल बन गया है। एहतियात के तौर पर कई परिवारों ने अपनी बेटियों को अकेले स्कूल भेजना बंद कर दिया है। इस बीच लापता छात्राओं के परिवार वाले दुख में हैं, रो-रोकर बेसुध हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी लड़कियों को सुरक्षित बरामद करने की मांग कर रहे हैं।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap