छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक 11 साल की बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक के साथ मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसका करीब 60 किलोमीटर तक पीछा किया, जो लगभग दो घंटे तक चलता रहा। इस दौरान आरोपी कई जगह पुलिस के बैरिकेड तोड़कर भागता रहा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। आखिर में महाराष्ट्र सीमा के पास ट्रक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार को अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के गुंडरदेही गांव में राजनांदगांव-मानपुर मार्ग पर हुआ। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 11 वर्षीय पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भाग निकला, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में TET परीक्षा कैंसिल, पेपर लीक की आशंका; मुकदमा दर्ज
बैरिकेड तोड़कर भागता रहा आरोपी
हादसे की सूचना मिलते ही मोहला थाना पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की। ड्राइवर ने पहले एक खड़े ट्रक को टक्कर मारी और फिर बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद मानपुर SDM कार्यालय के पास भी पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन आरोपी वहां भी नहीं रुका। पुलिस के अनुसार, उसने बैरिकेड को कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घसीटा और तेज रफ्तार में भागता रहा। इस दौरान कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
महाराष्ट्र सीमा के पास खत्म हुई दौड़
करीब दो घंटे तक चले पीछा के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र सीमा से करीब 6 किलोमीटर पहले कोरकोट्टी गांव के पास ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया। बचने की कोशिश में ड्राइवर ट्रक पर अपना कंट्रोल खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे उतर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। हादसे में ड्राइवर भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मानपुर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्राइवर शराब के नशे में ट्रक चला रहा था।
यह भी पढ़ें: परिवार ने नहीं ली लाश, मुस्लिम महिला ने हिंदू व्यक्ति का किया अंतिम संस्कार
बच्ची की मौत पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस के बड़े अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया और बच्ची का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर ट्रक जब्त कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।