कहते हैं जोड़ियां ऊपर से बनकर आती हैं, जबकि बिहार के बेगूसराय में इश्क की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने समाज के सारे बंधन तोड़ दिए। यहां एक युवक को किन्नर लड़की से प्यार हुआ। परिवार ने इनकार किया तो दोनों ने 5 साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली। अब जब घरवालों ने रिश्ते को कबूल कर लिया, तो पूरे हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम से शादी हुई। अब यह जोड़ी सोशल मीडिया पर वायरल है और हर जुबान पर इसी इश्क की चर्चा हो रही है।
यह कहानी बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र के संजात गांव और मंझौल थाना क्षेत्र के मंझौल की है। संजात के रहने वाले विकास ठाकुर एक सरकारी स्कूल के आदेशपाल के बेटे हैं। विकास नाटक मंडली में काम करता था। पांच साल पहले एक कार्यक्रम के सिलसिले में वह मंझौल गया था। वहां भीड़ में उसकी नजर मंझौल की रहने वाली सुशीला पर पड़ी।
सुशीला किन्नर है। पहली नजर में ही विकास का दिल सुशीला पर आ गया। विकास ने हिम्मत करके सुशीला से बात की। दोनों ने मोबाइल नंबर बदले। फिर शुरू हुआ फोन पर बातों का सिलसिला। धीरे-धीरे बात दोस्ती में और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और शादी का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: 'चंदा चोरों का होगा रावण जैसा अंत', राम मंदिर कांड पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
परिवार ने किया इनकार, तो कर ली कोर्ट मैरिज
जब विकास ने घर में सुशीला से शादी की बात कही तो हंगामा मच गया। समाज क्या कहेगा, वंश कैसे चलेगा? इन सवालों के साथ परिवार ने साफ इनकार कर दिया, जबकि विकास और सुशीला अपने फैसले पर अड़े रहे। कुछ रिश्तेदारों की सलाह पर दोनों ने पांच साल पहले बेगूसराय कोर्ट में शादी कर ली और साथ रहने लगे। कोर्ट मैरिज के बाद भी विकास का परिवार इस रिश्ते से नाखुश था। समाज के ताने भी सुनने पड़े, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा।
5 साल बाद बदला परिवार का मन
वक्त बीतता गया। विकास और सुशीला ने हर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ दिया। उनका प्यार और समर्पण देखकर आखिरकार परिवार का दिल पिघल गया। माता-पिता ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी। इसके बाद परिवार ने तय किया कि अब पूरे हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी कराई जाएगी। पिछले हफ्ते संजात गांव में बैंड-बाजे के साथ बारात निकली। मंडप सजा, सात फेरे हुए, सिंदूरदान की रस्म हुई। गांव-समाज के लोग भी इस शादी में शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गए। लोग इस जोड़े की हिम्मत और प्यार की तारीफ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पैरोल पर जेल से छूटते ही 5 साल की बच्ची के साथ रेप किया, कौन है होशियार सिंह?
खुश हैं विकास-सुशीला
शादी के बाद विकास और सुशीला बेहद खुश हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा, 'प्यार जाति-धर्म, रंग-रूप नहीं देखता। हमने समाज से लड़कर अपना प्यार पाया है। परिवार के आशीर्वाद से अब हमारी जिंदगी पूरी हो गई।'
इस शादी के बाद विकास के माता-पिता के मन में एक चिंता घर कर गई है। विकास अपने परिवार का इकलौता चिराग है। अब मां-बाप को यह चिंता सता रही है कि वंश कैसे आगे बढ़ेगा, घर का अगला वारिस कौन होगा। फिलहाल विकास और सुशीला इन बातों से परेशान नहीं हैं। उनका कहना है कि प्यार सबसे बड़ा है। बाकी जिंदगी जैसे-जैसे रास्ता दिखाएगी, वैसे-वैसे चलेंगे।