logo

मूड

ट्रेंडिंग:

UP में 18 लाख परिवारों का PM आवास अटका! 30 लाख आवेदन आए, सत्यापन बेहद धीमा

UP में PM आवास योजना- शहरी 2.0 के तहत पक्का मकान पाने का सपना देख रहे लाखों परिवारों को अभी इंतजार करना होगा। मकान के लिए लगभग 30 लाख लोगों ने आवेदन किया है जबकि 7.28 लाख आवेदनों का ही सत्यापन हो पाया है।

AI generated photo

पीएम आवास आवेदन सत्यापन नहीं होने से परेशान परिवार, Photo Credit : Chat GPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत अपना पक्का मकान पाने का सपना देख रहे लाखों परिवारों का इंतजार लंबा होता जा रहा है। योजना के लिए प्रदेश में 29 लाख 89 हजार 147 आवेदन आए हैं लेकिन इनमें से 18 लाख से ज्यादा आवेदनों का सत्यापन अब तक पूरा नहीं हो सका है। यानी लाखों परिवारों की उम्मीदें अभी सरकारी जांच प्रक्रिया में ही उलझी हुई हैं। हैरानी की बात यह है कि अब तक सिर्फ 7 लाख 28 हजार 574 आवेदनों का ही सत्यापन हो पाया है। वहीं, भारत सरकार की ओर से करीब 4 लाख 88 हजार मकानों को मंजूरी दी जा चुकी है। योजना की धीमी रफ्तार के पीछे कर्मचारियों की कमी और दूसरी सरकारी जिम्मेदारियों को बड़ी वजह माना जा रहा है।

 

पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 की प्रगति को लेकर राज्य स्तरीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति (एसएलएसएमसी) की बैठक में रखी गई रिपोर्ट में यह तस्वीर सामने आई है। आवास, नगर विकास, सूडा और नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल 29,89,147 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से महज 7,28,574 आवेदनों का सत्यापन पूरा हुआ है। इस तरह करीब 22.60 लाख आवेदन अभी सत्यापन की प्रक्रिया में हैं। हालांकि, विभागीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि आने वाले समय में इस काम में तेजी लाई जाएगी और विधानसभा चुनाव की अधिसूचना से पहले 11 से 12 लाख आवेदनों का सत्यापन पूरा कराने का लक्ष्य है।

SIR, जनगणना और राहत कार्यों में लगी ड्यूटी, प्रभावित हुआ सत्यापन

योजना के तहत आवेदनों की जांच का जिम्मा जिला प्रशासन, नगर निगम और दूसरे विभागों के कर्मचारियों को दिया गया है लेकिन इन कर्मचारियों की ड्यूटी लगातार दूसरे सरकारी अभियानों में लगती रही। पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कर्मचारियों को लगाया गया। इसके बाद जनगणना से जुड़ी जिम्मेदारियां और बारिश के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी उनकी ड्यूटी लगा दी गई। इसका सीधा असर पीएम आवास योजना के आवेदनों के सत्यापन पर पड़ा। नतीजा यह रहा कि बड़ी संख्या में आवेदन जांच के इंतजार में अटके रह गए।

 

यह भी पढ़ें: NDA में सीटों पर संग्राम! अतरौलिया-चौरीचौरा के लिए राजभर व संजय निषाद आमने-सामने

6,331 करोड़ का बजट, खर्च हुए सिर्फ 2,041.70 करोड़ रुपये

योजना में केवल आवेदनों का सत्यापन ही चुनौती नहीं है, बल्कि स्वीकृत मकानों के निर्माण और लाभार्थियों को किस्त जारी करने की प्रक्रिया भी धीमी बताई जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत 6,331 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, लेकिन अब तक इसमें से केवल 2,041.70 करोड़ रुपये ही खर्च हो सके हैं। विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक 73,184 लाभार्थियों की पहली किस्त और 97,307 लाभार्थियों की दूसरी किस्त जारी करने के लिए केंद्र सरकार से धनराशि मांगी गई है। ऐसे में मकानों के निर्माण को समय से पूरा कराना भी विभाग के सामने बड़ी चुनौती है।

 

पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों के निर्माण की प्रगति पर नजर रखने के लिए जियोटैगिंग की व्यवस्था की गई है। इसके जरिए मकान निर्माण के अलग-अलग चरणों की स्थिति दर्ज की जाती है। हालांकि, वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत आवासों की जियोटैगिंग और किस्तों के भुगतान की प्रक्रिया भी विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। समय से जियोटैगिंग नहीं होने पर निर्माण की प्रगति और अगली किस्त जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

अधिकारी ने बताई सत्यापन में देरी की वजह

सूडा के कार्यक्रम अधिकारी अतुल सिंह चौहान ने बताया कि पीएम आवास योजना के सत्यापन का काम जिला प्रशासन और नगर निगम समेत दूसरे विभागों के कर्मचारियों की मदद से होता है। इन कर्मचारियों की ड्यूटी पहले एसआईआर में लगी, फिर जनगणना में लगा दी गई। इसके बाद बारिश के चलते राहत एवं बचाव कार्यों में भी इन्हें लगाया गया। ऐसे में सत्यापन का काम प्रभावित हुआ, लेकिन अगले दो महीनों में इसमें तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, प्रॉजेक्ट्स के अप्रूवल में यूपी देश के बाकी राज्यों से आगे है।

 

यह भी पढ़ें: 15 शादियां, अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग! महिलाओं को फंसाने वाला शातिर गिरफ्तार

मंजूरी के बाद भी लाभार्थियों को किस्तों का इंतजार

कुल मिलाकर पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 में उत्तर प्रदेश के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ लाखों आवेदनों का सत्यापन पूरा करना है, वहीं दूसरी तरफ स्वीकृत मकानों का निर्माण समय से पूरा कराने और लाभार्थियों को किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करना है। करीब 29.89 लाख आवेदन आने के बावजूद सत्यापन की धीमी रफ्तार ने योजना की जमीनी प्रगति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग अगले दो महीनों में सत्यापन की रफ्तार बढ़ाकर कितने परिवारों को पक्का मकान मिलने की राह आसान कर पाता है।

Related Topic:#UP News

और पढ़ें