उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने बीच सड़क ईंट से अपनी गर्लफ्रेंड पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद युवक ने पहले युवती को कार से जबरन बाहर घसीट लिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस के सामने लगातार यह कहकर रौब झाड़ रहा था कि उसकी मां रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान स्वरूप नगर निवासी 38 वर्षीय देवाशीष निगम के रूप में हुई है। पीड़िता भी 38 वर्ष की है और IIT कानपुर में काम करती है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों शनिवार शाम कार से बिठूर स्थित ब्रह्मावर्त घाट जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठा।
यह भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड को किसी और के साथ देख लिया, फिर मिलने बुलाया और मारकर गाड़ दिया
रास्ते में बहस ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के मुताबिक, मंडहना के पास सर्विस लेन में पहुंचते ही आरोपी ने कार रोक दी। विवाद बढ़ने पर महिला ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए कार का दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया। आरोप है कि इसके बाद देवाशीष ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर कार के शीशों और दरवाजे पर कई बार हमला किया। दरवाजा खुलते ही उसने महिला को बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर ईंट से लगातार हमला करने लगा।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: चढ़ावे के पैसों से ऐश, गर्लफ्रेंड को दिया iPhone, चंदा केस में हर दिन नया खुलासा
पुलिस ने दर्ज किया केस
जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस पर भी रौब झाड़ने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उसने कहा, 'मेरी मां रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं।' हालांकि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पश्चिमी कानपुर के DCP एस एम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।