गुजरात के सूरत शहर में सोमवार, 27 अप्रैल को एक बैंक डकैती का मामला सामने आया है। वराछा इलाके में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में 5 से 6 हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर करीब 50 लाख रुपये लूट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई।
बताया जा रहा है कि बदमाश पूरी योजना के साथ बैंक में घुसे और आते ही कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। उन्होंने कैशियर और अन्य स्टाफ को डराकर बड़ी रकम लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: दूसरे चरण से पहले बंगाल में ED के ताबड़तोड़ छापे, किसकी बढ़ेंगी मुश्किलें?
जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात के लिए सही समय चुना। उस वक्त बैंक में कैश जमा करने की प्रक्रिया चल रही थी और कैश मैनेजमेंट सर्विस (CMS) वाहन भी मौजूद था। नकदी की आवाजाही ज्यादा होने का फायदा उठाकर लुटेरों ने हमला किया और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
CMS वैन के गनमैन शिवपूजन सिंह ने बताया, 'घटना ब्रांच के अंदर हुई थी। मेरे साथ मेरा एक भाई भी था, वह भी गनमैन है। उसने कैश अंदर जमा कर दिया था, मेरा कैश भी अंदर चला गया था। अंदर क्या हुआ, मुझे कुछ पता नहीं। बाद में ब्रांच के लोगों और मेरे भाई ने देखा कि कोई अंदर से भागता हुआ निकल रहा था।”
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम डिमोलिशन ड्राइव याचिका पर SC ने नहीं की सुनवाई, कहा- HC में अपील करो
बदमाशों ने छीने मोबाइल फोन
लूट के बाद बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए, ताकि तुरंत पुलिस को सूचना न दी जा सके। हालांकि, उनके जाने के बाद कर्मचारियों ने किसी तरह पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
यह भी पढ़ें: भागलपुर में फैला बर्ड फ्लू, 3,000 मुर्गियों की मौत; और मारने की तैयारी
CCTV बना बड़ा सुराग
पुलिस के अनुसार, बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में ज्यादातर आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। इससे उनकी पहचान करने में मदद मिल रही है। सूरत के डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है और क्या आरोपी शहर के बाहर से आए थे।