logo

मूड

ट्रेंडिंग:

6 जिलों में इंजीनियर के ठिकानों पर छापा, आय से अधिक संपत्ति मिलने का दावा

बिहार में ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर अजीत कुमार दास पर निगरानी ब्यूरो ने शिकंजा कसा है। 6 जिलों में छापेमारी करके आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया है।

Bihar News

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार में आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर अजीत कुमार दास पर बड़ा शिकंजा कसा है। निगरानी थाना में कांड संख्या 137/26 के तहत एफआईआर दर्ज करने के बाद ब्यूरो की टीम ने पटना समेत 6 जिलों में एक साथ छापेमारी की। छापेमारी में पत्नी और परिजनों के नाम पर 16 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में 1 करोड़ 52 लाख रुपये से ज्यादा की आय से अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल अजीत कुमार दास सासाराम में अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात हैं।


छापेमारी में सबसे बड़ा खुलासा सिलीगुड़ी से हुआ है। वहां पत्नी के नाम पर जमीन के 10 डीड मिले हैं। 92 डिसमिल जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक होने का प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है। निगरानी ब्यूरो की टीम जब सिलीगुड़ी पहुंची तो वहां से जमीन के कागजात, रजिस्ट्री के दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। जांच अधिकारियों का कहना है कि जमीन की खरीद में बड़े पैमाने पर नकदी का इस्तेमाल हुआ है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि जमीन खरीदने के लिए पैसा कहां से आया और किसके माध्यम से आया।

 

यह भी पढ़ें: ममता गुट की बड़ी जीत, हाई कोर्ट ने LOP के तौर पर रद्द की ऋतब्रत की नियुक्ति

पटना के दो फ्लैटों के दस्तावेज भी बरामद, बैंक-शेयर और LIC के कागजात मिले

पटना में भी निगरानी ब्यूरो ने दो ठिकानों पर छापेमारी की। यहां से दो फ्लैटों के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा बैंक खातों, शेयर और LIC निवेश से जुड़े कागजात भी मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि बैंक खातों में जमा राशि, शेयर बाजार में निवेश और बीमा पॉलिसियों की जांच की जा रही है। बरामद दस्तावेजों से यह साफ हो जाएगा कि इंजीनियर ने अपनी वैध आय से कितनी संपत्ति बनाई और कितनी संपत्ति आय से अधिक है। 

 

निगरानी ब्यूरो की टीम ने सिर्फ पटना और सिलीगुड़ी में ही नहीं, बल्कि भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम में भी एक साथ तलाशी ली। इन जिलों में इंजीनियर के परिजनों और करीबियों के ठिकानों पर छापा मारा गया। कई जगहों से जमीन के कागजात, बैंक पासबुक, जेवरात के बिल और अन्य दस्तावेज मिले हैं। ब्यूरो ने सभी दस्तावेजों को जब्त कर लिया है और उनकी जांच में जुट गया है। एक साथ 6 जिलों में छापेमारी से इंजीनियर के परिवार में हड़कंप मच गया।

कैसे खुला मामला, निगरानी को मिली थी गुप्त सूचना

सूत्रों के अनुसार निगरानी ब्यूरो को लंबे समय से अजीत कुमार दास के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। कहा जा रहा था कि एक सामान्य इंजीनियर की नौकरी में इतनी बड़ी संपत्ति बनाना संभव नहीं है। शिकायत के बाद ब्यूरो ने गुप्त रूप से उनकी संपत्ति की जांच शुरू की। आय और संपत्ति का हिसाब मिलाने पर बड़ा अंतर सामने आया। इसके बाद ब्यूरो ने कोर्ट से अनुमति लेकर एफआईआर दर्ज की और छापेमारी की योजना बनाई। गुरुवार को सुबह से ही सभी टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू कर दी, ताकि किसी को सबूत मिटाने का मौका न मिले।

 

यह भी पढ़ें: 'हमारा रुख नहीं बदला', परिसीमन बिल पर स्टालिन ने लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट

 

अजीत दास ग्रामीण कार्य विभाग में लंबे समय से तैनात हैं। उन्होंने भागलपुर, कटिहार, मुंगेर समेत कई जिलों में काम किया है। ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत के कई बड़े प्रोजेक्ट्स से उनका जुड़ाव रहा है। विभाग में उनकी गिनती प्रभावशाली अधिकारियों में होती थी। अब निगरानी की कार्रवाई के बाद विभाग में भी चर्चा का बाजार गर्म है। लोग कह रहे हैं कि यदि आरोप सही साबित हुए तो यह ग्रामीण कार्य विभाग के सबसे बड़े भ्रष्टाचार के मामलों में से एक होगा।

 

फिलहाल निगरानी ब्यूरो बरामद दस्तावेजों की जांच में जुटा है। सभी संपत्तियों का बाजार मूल्यांकन कराया जाएगा। बैंक खातों और निवेश की भी विस्तृत जांच होगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इंजीनियर से पूछताछ की जाएगी और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तार भी किया जा सकता है। निगरानी ब्यूरो ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है और किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें