बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी
की भतीजी बृष्टि मुखर्जी की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, उन्होंने मंगलवार को बीरभूम के कुसुम्बा गांव में सुसाइड कर लिया है और पुलिस शुरुआती तौर पर यही मानकर चल रही है। पुलिस को उनका शव उनके घर की पहली मंजिल पर लटका हुआ मिला। बृष्टि मुखर्जी की उम्र 28 साल थी और पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले के बाद उनकी नौकरी चली गई थी।
बता दें कि बृष्टि मुखर्जी पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चचेरे भाई भाई निहार मुखर्जी की बेटी हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
यह भी पढ़ें: कोसी-मेची लिंक और बाढ़ पर कहां अटकी बात? जल शक्ति मंत्री से मिले CM सम्राट चौधरी
भर्ती घोटाले के बाद चली गई थी नौकरी
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, बृष्टि पिछले कुछ सालों से डिप्रेशन का शिकार थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। परिवार ने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल के सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में भर्ती रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनकी नौकरी चली गई थी। यह मामला भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा था।
क्या था घोटाला?
पश्चिम बंगाल सरकार ने 2016 में सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ की भर्ती की थी। तब 24,640 रिक्त पदों के लिए 23 लाख से अधिक लोगों ने भर्ती परीक्षा दी थी। इस भर्ती में 5 से 15 लाख रुपए तक की घूस लेने का आरोप है। अप्रैल 2025 में सु्प्रीम कोर्ट ने इन सभी पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति को रद्द कर दिया था और नए सिरे से चयन प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में ढहाया गया 100 पुराना मंदिर, जमीन पर मदरसे का कब्जा
तलाक का केस चल रहा
बृष्टि के डिप्रेशन का एक कारण उनका वैवाहिक जीवन भी बताया जा रहा है। हालांकि, परिवार की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बृष्टि बनर्जी और उनके पति के बीच हाल ही में तलाक की कार्यवाही भी चल रही थी। पुलिस अभी इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या अन्य कोई सबूत अभी तक नहीं मिला है। वहीं, ममता बनर्जी या अभिषेक बनर्जी की ओर से अभी इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की गई है।