बगावत की अटकलों के बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका राह बदलने या किसी अन्य दिशा में जाने का कोई इरादा नहीं है। मैं ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ था और आगे भी रहूंगा। सिन्हा ने कहा कि ममता बनर्जी ने 2019 में दुख की घड़ी में मेरा साथ दिया था। अब मेरा फर्ज बनता है कि उनकी दुख की खड़ी में मैं उनके साथ खड़ा रहूं।
आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आज अगर कुछ लोगों ने तथाकथित बागी ग्रुप ज्वाइन किया है तो उनकी अपनी मजबूरी होगी। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मेरा हमेशा से बागी नेचर रहा है। मैं हमेशा सच बोलता हूं। अगर सच बोलना बगावत है तो समझो कि मैं बागी हूं।
'ममता बनर्जी जमीन से जुड़ी नेता'
शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी को स्ट्रीट फाइटर और जमीन से जुड़ा नेता बताया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने बहुत कुछ साबित करेक दिखाया है। आज भी उनके पास 41 फीसद वोट शेयर और जबरदस्त समर्थन है। कुछ लोग भय, डर, लालच या प्रलोभन के कारण साछ छोड़ रहे हैं। यह उनकी अपनी मजबूरी होगी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में ATS का गठन, पंचकूला होगा मुख्यालय; क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
'मुसीबत की घड़ी में ममता ने साथ दिया'
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'ममता दीदी ने मुसीबत की घड़ी में साथ दिया। जब मैं 2019 में पटना का चुनाव हारा या कुछ कारणों से मुझे हराया गया। उसके बाद कोई सामने नहीं आया था। ममता बनर्जी ही मेरे सामने आईं। उन्होंने मेरा हौसला अफजाई किया। मुझे चुनाव लड़ने को कहा। उनके ही आदेश को अध्यादेश मानते हुए मैं आसनसोल पहुंचा और चुनाव लड़ा।'
'समझो कि मैं भी बागी हूं'
शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा, 'कई दिनों से मैं चर्चा का विषय हूं। चारों तरफ मेरे विषय में बातें हो रही हैं। कुछ लोग सही कह रहे हैं और कुछ लोग अफवाहों के आधार पर कह रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मैं तथाकथित बागी ग्रुप में शामिल हो गया हू्ं। ऐसे तो मेरा नेचर ही बागी है। अगर सच कहना बगावत है तो समझो कि मैं भी बागी हूं। मैं हमेशा सच कहता हूं।' शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'ममता बनर्जी ने मेरे दुख में साथ दिया। मैं आज उनकी दुख की घड़ी में उनका साथ नहीं छोड़ सकता हूं। आज मेरा फर्ज है कि मैं ममता जी का साथ निभाऊं।'
यह भी पढ़ें: 'दिल्ली बुलाया लेकिन मैं नहीं गई', ममता बनर्जी के साथ हैं सांसद प्रतिमा मंडल
बागी ग्रुप का न्योता देने वालों का आभार: शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा ने यह भी बताया कि बागी ग्रुप में शामिल होने वाले कुछ नेताओं ने उन्हें भी साथ आने का न्योता दिया था। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा, 'मैं जानता हूं कि बहुत सारे लोग तथाकथित बागी ग्रुप में शामिल हो गए हैं। कोई बात नहीं, बहुत अच्छे लोग हैं। मेरे तो मित्रगण हैं। मैं उनका भी आभारी हूं, जिन्होंने दूसरी पार्टी या भारतीय जनता पार्टी या अन्य लोगों ने मुझे बागी ग्रुप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मेरा अपना मानना है कि मतभेद हो, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। सभी पार्टी में मेरे मित्रगण हैं, मेरा अच्छा ही सोचते होंगे, तभी कहा है। इसलिए उनसे पूछे कोई शिकायत नहीं है, लेकिन सिद्धांत के आधार पर ममता जी के साथ खड़ा होना मेरा फर्ज बनता है।'