राजस्थान के बालोतरा जिले की सिवाना पंचायत समिति के वार्ड-9 का रिजल्ट कल (20 नवंबर 2026) घोषित हो गया है। यहां से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के उम्मीदवार पोपटलाल को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि, उन्हें मिले वोटों को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में अंतर है। कुछ रिपोर्टों में 35 वोट बताए गए हैं। जबकि अन्य में 267 वोट दर्ज हैं। इसलिए सही आंकड़े की पुष्टि आधिकारिक नतीजे से होना बाकी है।
लेकिन आपको बता दें कि पोपटलाल की पहचान क्षेत्र में ऐसे उम्मीदवार के रूप में बताई जाती है। जो कई बार चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन कभी-भी जीत हासिल नहीं कर सके हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पंचायत समिति की हार उनकी 15वीं चुनावी हार है। उन्होंने अपने चुनावी सफर में लोकसभा, विधानसभा, सरपंच और जिला परिषद के चुनाव लड़े हैं। उनकी पत्नी गीता देवी ने भी इस बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। लेकिन उन्हें भी हार का मुंह देखना पड़ा।
यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर, बीजेपी पिछड़ी; कांग्रेस ने मारी बाजी
लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी आजमाई किस्मत
पोपटलाल ने अपने जीवन में बाड़मेर लोकसभा सीट से चार बार और सिवाना विधानसभा सीट से चार बार चुनाव लड़ा। हालांकि, उपलब्ध चुनावी आंकड़ों में उनका नाम अलग-अलग रूपों में दर्ज है। कहीं Popatram, कहीं Popat Ram और कहीं Popat Lal लिखा गया है। लेकिन, MyNeta पर उपलब्ध हलफनामों में नाम, पिता के नाम और अन्य जानकारियों के आधार पर इन रिकॉर्ड को एक ही उम्मीदवार का पाया गया है।
सबसे पहले साल 2009 के लोकसभा चुनाव में पोपटलाल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे। चुनाव में 18,806 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि, कई जगह ऐसा बताया जाता है कि 2009 में वे BSP के टिकट पर चुनाव लड़े थे। लेकिन निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार, उस चुनाव में वह निर्दलीय उम्मीदवार थे। BSP के उम्मीदवार महेंद्र व्यास थे।
इन सालों में लड़े लोकसभा और विधानसभा चुनाव
उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार, पोपटलाल ने 2008 में सिवाना विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। इसके बाद 2009 में बाड़मेर लोकसभा सीट से मैदान में उतरे थे। साल 2013 में उन्होंने फिर सिवाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
यह भी पढ़ें: मणिपुर में जहरीली शराब से अब तक 15 लोगों की मौत, 180 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
इसके बाद 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने बाड़मेर से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर किस्मत आजमाई। साल 2018 और 2023 के विधानसभा चुनाव में वह सिवाना सीट से मैदान में उतरे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने बाड़मेर से चुनाव लड़ा। लेकिन सभी चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पांच बार लड़े हैं सरपंच का चुनाव
पोपटलाल के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने पांच बार सरपंच पद का चुनाव भी लड़ा है। इसके अलावा वह एक बार जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि, इन चुनावों के साल, ग्राम पंचायत या वार्ड का नाम और उन्हें मिले वोटों का आधिकारिक रिकॉर्ड अभी नहीं मिला है। फिलहाल सिर्फ इतनी जानकारी उपलब्ध है कि उन्होंने पांच बार सरपंच और एक बार जिला परिषद का चुनाव लड़ा था। इन चुनावों में भी उन्हें जीत नहीं मिली।
खास बात यह थी कि इस बार पोपटलाल के साथ उनकी पत्नी गीता देवी भी चुनाव मैदान में उतरी थीं। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। लेकिन वह भी चुनाव में जीत का स्वाद नहीं चख सकीं। इस तरह पंचायत समिति चुनाव में पति-पत्नी दोनों को हार का सामना करना पड़ा। पोपटलाल के चुनावी सफर से जुड़ी जानकारी में अभी कुछ कड़ियां बाकी हैं। खासकर पांच सरपंच चुनावों और एक जिला परिषद चुनाव का साल और क्षेत्र सामने नहीं आया है।