पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कोलकाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी ठाकुर राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि राज सिंह इस हत्या में शामिल शूटर है और वारदात की साजिश में उसकी अहम भूमिका रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बिहार के बक्सर से पकड़े गए दो युवकों से पूछताछ के दौरान राज सिंह का नाम सामने आया। राज सिंह की मां ने बताया कि वह लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इससे यह सवाल उठता है कि सुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के कनेक्शन उत्तर प्रदेश के बलिया तक कैसे पहुंचे और ठाकुर राज सिंह कौन है।
यह भी पढ़ें: 'हिंदू स्टेट में शराब बैन तो आप क्यों नहीं करते?' इल्तिजा ने CM से पूछे सवाल
कौन है का ठाकुर राज सिंह?
ठाकुर राज सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश का प्रदेश महासचिव बताता है। स्थानीय राजनीति में उसकी सक्रियता भी चर्चा में रही है। कई मीडियो रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि वह ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता में क्षत्रिय महासभा की एक बड़ी बैठक आयोजित हुई थी। इस कार्यक्रम के आयोजन में राज सिंह की सक्रिय भूमिका बताई जा रही है।
राज सिंह की कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। एक फोटो में वह UP सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ दिख रहा है। दूसरी फोटो में राज सिंह बृजभूषण सिंह के बगल में खड़ा दिख रहा है। एक और फोटो में वह दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को फूलों का गुलदस्ता देते दिख रहा है। कई दूसरे नेताओं के साथ भी उनकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं।

यह भी पढ़ें: 'लालू जेल गए, राबड़ी बनीं CM', तेजस्वी यादव पर मैथिली ठाकुर का हमला
न्यूज एजेंसी पीटीआई से जिला अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (DCRB) के प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि राज सिंह का नाम पहले भी हत्या के एक मामले में सामने आ चुका है। साल 2020 में बलिया के आनंद नगर इलाके में अजीत नाम के दिव्यांग अंडा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें राज सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
मां ने बेटे को बताया बेगुनाह
राज सिंह की मां ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि उनका बेटा घटना के समय कोलकाता में नहीं, बल्कि लखनऊ में था। उनके मुताबिक, वह अपने बेटे, ड्राइवर ओमप्रकाश सिंह, एक फोटोग्राफर और राज के दोस्त मोनू सिंह के साथ MLC की बेटी की शादी में शामिल होने गई थीं। उन्होंने दावा किया कि शादी के बाद सभी लोग अंबेडकर नगर स्थित छौछार शरीफ दरगाह भी गए थे। मां का कहना है कि परिवार का कोलकाता से कोई संबंध नहीं है और न ही उनका बेटा कभी वहां गया। उन्होंने पुलिस से मोबाइल लोकेशन, बाजार की खरीदारी और CCTV फुटेज की जांच करने की मांग की है ताकि सच सामने आ सके।