बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना अभी जारी है और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर फिलहाल बढ़त बनाए हुए हैं। इसी बीच मतगणना केंद्र पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक सीट जीतने या हारने का नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का संदेश है। प्रशांत किशोर ने अपने बयान में यह भी कहा कि मेरे विधायक बनने से बांकीपुर बैंगलोर नहीं बन जाएगा लेकिन अगले दो-तीन महीनों में यहां बदलाव और सुधार जरूर दिखने लगेगा।
आपको बता दें कि मतगणना के 28वें राउंड के बाद प्रशांत किशोर 19,419 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं। उन्हें 59,213 वोट मिले हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नीरज सिन्हा को 39,794 और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की रेखा कुमारी को 13,260 वोट मिले हैं।
यह भी पढ़ें: कैंसर पीड़ित बच्ची को हौसला देना था, महिला कमिश्नर ने मुंड़वा लिया सिर
प्रशांत किशोर का पूरा बयान
प्रशांत किशोर से मीडिया वालों ने पूछा कि विधायक बनने के बाद आपको पहला काम क्या रहेगा। इस पर उन्होंने कहा, 'जीत के बाद हमारी पहली प्राथमिकता बांकीपुर की जनता के भरोसे और आशीर्वाद पर खरा उतरना होगी। हम बांकीपुर को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे। अगले दो-तीन महीनों में आपको यहां बदलाव भी दिखने लगेगा। मैं कोई बड़े-बड़े वादे नहीं करना चाहता। मेरे विधायक बन जाने से बांकीपुर रातों-रात बेंगलुरु नहीं बन जाएगा लेकिन इतना भरोसा जरूर देता हूं कि अगले दो-तीन महीने में यहां कुछ सकारात्मक बदलाव जरूर नजर आएंगे।'
BJP नेतृत्व पर उठाए सवाल
प्रशांत किशोर ने कहा, '
सम्राट चौधरी
का चरित्र और उनकी छवि किसी से छिपी नहीं है सबके सामने है। अगर आप आपराधिक छवि वाले व्यक्ति को बिहार का मुख्यमंत्री बनाएंगे तो बिहार कभी आगे नहीं बढ़ पाएगा। हमारी लड़ाई किसी एक व्यक्ति से नहीं है। BJP के पास बहुमत है और NDA के पास भी बहुमत है। मुख्यमंत्री उसी गठबंधन का बनेगा। हमारी सिर्फ एक अपील है। बिहार की जनता, खासकर बैंकीपुर की जनता प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
से आग्रह कर रही है कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री दें जो सक्षम हो, ईमानदार हो और अच्छे चरित्र वाला हो। ताकि बिहार के लोगों को भी बिहारी होने पर गर्व महसूस हो और हमारे बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार के बेहतर मौके मिल सकें।'
यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज का आरोप, जांच करेगी कांग्रेस
उन्होंने आगे कहा, 'बांकीपुर की जनता ने BJP नेतृत्व को साफ संदेश दिया है कि बिहार का मुख्यमंत्री किसी अच्छे व्यक्ति को बनाया जाए। अगर BJP सम्राट चौधरी की जगह कुशवाहा समाज से किसी दूसरे नेता को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है तो हमें उससे कोई आपत्ति नहीं है। यह उनका फैसला है लेकिन जो भी बने वह कुशवाहा समाज का एक ईमानदार और काबिल व्यक्ति होना चाहिए।'