आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाल में विपक्षी पार्टियों में हो रही टूट-फूट पर BJP पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि BJP ED और CBI का इस्तेमाल करके दूसरी पार्टियों के नेताओं को तोड़ रही है और उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि BJP के लिए क्षेत्रीय पार्टियां सबसे बड़ी चुनौती हैं। इन्हें खत्म करने के बाद केवल कांग्रेस बचेगी। उन्होंने वन नेशन वन इलेक्शन और सीमांकन का जिक्र करते हुए कहा कि छोटी पार्टियों के पास पूरे देश में चुनाव लड़ने के संसाधन नहीं हैं।
AAP सांसद ने अपनी पार्टी से सात राज्यसभा सांसदों के BJP में जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे AAP पर कोई असर नहीं पड़ा। पंजाब के हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में AAP को फायदा ही हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता दिल्ली से हो रहे 'अत्याचार' को देख रही है और AAP के साथ मजबूती से खड़ी है।
यह भी पढ़ें: 'पंजाबी इमोशनल...', BJP अध्यक्ष के बयान पर चंडीगढ़ में जमकर हो रहा बवाल
AAP को BJP के 2029 में हारने पर भरोसा क्यों?
इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने राज्यसभा सभापति को दो चिट्ठियां लिखी हैं। अगर जवाब नहीं मिला तो AAP इस मुद्दे पर अदालत भी जाएगी। उन्होंने INDIA गठबंधन पर कहा कि AAP उसका हिस्सा नहीं है। संजय सिंह का मानना है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में महंगाई, कर्ज और युवाओं के गुस्से के कारण BJP हारेगी। जो भी पार्टी BJP के खिलाफ मजबूती से खड़ी होगी, लोगों का समर्थन उसी को मिलेगा।
CJP आंदोलन पर क्या सोचते हैं संजय सिंह?
NEET पेपर लीक मामले पर संजय सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि 22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। RSS-BJP इस आंदोलन से डरा हुआ है।
यह भी पढ़ें: क्या पंजाब में 2026 में ही हो जाएंगे विधानसभा चुनाव? एक दावे से शुरू हुई हलचल

यह भी पढ़ें: 2015 में चलीं थी गोलियां, बहबल कलां गोलीकांड में अब क्यों फंस गए सुखबीर बादल?
दल-बदल पर सख्त कानून की मांग
संजय सिंह ने कहा कि मॉनसून सत्र में विपक्ष दल-बदल के मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगा। उन्होंने मांग की कि दलबदलू विधायकों की सदस्यता रद्द होनी चाहिए। उनका सुझाव है कि कोई नेता 5 साल तक पार्टी नहीं बदल सके।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'TMC सांसद सायोनी घोष और यूसुफ पठान पहले BJP की आलोचना करते थे, अब वे अच्छे हो गए। केवल दाऊद इब्राहिम बाकी हैं BJP में शामिल होने को।' संजय सिंह ने शिवसेना (UBT) और अन्य पार्टियों से संपर्क बनाए रखने की बात भी कही। उन्होंने समाजवादी पार्टी में टूट की खबरों को बेबुनियाद बताया है।