महाराष्ट्र के गोंदिया में एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुर्कर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा और हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, वर्षा की हत्या उनके पुरुष मित्र नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने करवाई थी। बताया जा रहा है कि मोना अपने पति और वर्षा के बीच कथित प्रेम संबंधों से नाराज थी और इसी के कारण उसने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने इस मामले में मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 35 साल की वर्षा तुर्कर पुणे के धनोरी की रहने वाली थीं और एयरलाइन कर्मचारी थीं। दिवाली की छुट्टियों में वह मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव में स्थित अपने मायके आई हुई थीं। 14 नवंबर को वह अपने पुरुष मित्र नितेश अग्रवाल के साथ महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के तिरोड़ा गई थीं। इसके बाद वह दोनों वापस नहीं लौटे।
यह भी पढ़ें: 'दुआ नहीं, दुश्मनों की दवा थी', जेल से निकलते ही ओवैसी पर भड़के आजम खान
जंगल में चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार, वापसी के दौरान दोनों दवाणीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोंदरानी गांव के पास जंगल में स्थित एक शिव मंदिर के नजदीक रुके थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच तीन हमलावरों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके पेट और पीठ पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद में उनका शव जंगल में बरामद हुआ।
CCTV की फुटेज खंगाली
इस हैरान कर देने वाले मामले के सामने आने के बाद हत्या की जांच के लिए पुलिस ने छह टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी, बालाघाट और गोंदिया के रास्तों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: UP में संपत्ति की रजिस्ट्री का बदला नियम, अब नहीं होगी गवाहों की जरुरत
चार दिन में साजिश का खुलासा
करीब चार दिनों की जांच के बाद पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे मोना अग्रवाल की साजिश थी। पुलिस के अनुसार, पति और वर्षा के बीच संबंधों को लेकर मोना नाराज थी और इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई। इस मामले में पुलिस ने मोना समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।