बिहार के मुजफ्फरपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। गायघाट के बेनीबाद ओपी क्षेत्र में एक महिला ने जब घर में घुसे चोर का विरोध किया तो दरिंदे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने महिला के प्राइवेट पार्ट में धारदार हंसुआ घुसा दिया। खून से लथपथ महिला को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर हंसुआ निकाला। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
सुबह 3 बजे घुसा था चोर
घटना गुरुवार तड़के करीब 3 बजे की है। बेनीबाद ओपी क्षेत्र के एक गांव में महिला अपने घर में सो रही थी। तभी एक बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुस आया। खटपट की आवाज सुनकर महिला की नींद खुल गई। महिला ने देखा कि एक शख्स घर का सामान टटोल रहा है। उसने शोर मचाकर विरोध किया। महिला को जागता देख चोर बौखला गया। पकड़े जाने के डर से उसने पास में रखा धारदार हंसुआ उठाया और महिला पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: ढाई महीने से नेपाल में बंधक रही मोतिहारी की छात्रा, कई दिनों तक भूखे रखा
प्राइवेट पार्ट में घुसा दिया हंसुआ
आरोपी ने हैवानियत की हद पार करते हुए महिला के प्राइवेट पार्ट में हंसुआ घुसा दिया। महिला दर्द से चीख पड़ी। उसकी चीख सुनकर घर के बाकी सदस्य और आसपास के लोग जाग गए। शोर सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन खून से लथपथ महिला को तुरंत एफकेएमसीएच लेकर भागे। डॉक्टरों ने तुरंत इमरजेंसी में ऑपरेशन किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद हंसुआ बाहर निकाला। महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू भर्ती किया गया है।
पीड़िता के बयान के बाद दर्ज होगी एफआईआर
मेडिकल थाना प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। फिलहाल महिला बयान देने की हालत में नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद उनका बयान दर्ज किया जाएगा। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। अभी हम अपने स्तर से जांच कर रहे हैं।
इलाके में दहशत, आरोपी फरार
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इलाके में चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन ऐसी दरिंदगी पहली बार देखी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 1 घंटे में चंडीगढ़ से पहुंचे नोएडा, इंडिगो की फ्लाइट शुरू; देखें शेड्यूल
एसएसपी ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने बेनीबाद ओपी प्रभारी को जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है। एक विशेष टीम बनाकर छापेमारी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि आरोपी को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जाए। महिला संगठनों ने भी घटना की निंदा की है।