संजय सिंह, पटना। बिहार के शेखपुरा जिले में अफवाह के कारण एक निर्दोष विक्षिप्त महिला की जान पर बन आई। घटना शुक्रवार को यहां के अरियरी थाना क्षेत्र के धनौल गांव की है। यहां बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों की भीड़ ने महिला को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। हालात बिगड़ने से पहले ही अरियरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर अनहोनी को टाल दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि धनौल गांव के समीप एक महिला सड़क किनारे घूमती देखी गई। उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह असामान्य व्यवहार कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका जताई। देखते ही देखते यह आशंका अफवाह में बदल गई और कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
यह भी पढ़ें: क्या अली खामेनेई को इजरायल ने मार दिया? ईरानी विदेश मंत्री ने सबकुछ बता दिया
समय पर पहुंची पुलिस, नहीं तो कुछ भी हो सकता था
भीड़ ने महिला को पकड़ लिया और उससे पूछताछ के नाम पर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर अरियरी थाना की पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए महिला को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और अपने संरक्षण में लिया।
अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि थाना को सूचना मिली थी कि बच्चा चोरी के शक में एक महिला को भीड़ ने पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिला सड़क पर इधर-उधर जा रही थी, जिसे देखकर कुछ लोगों ने बिना सत्यापन के बच्चा चोर होने की बात फैला दी। अफवाह इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया, अन्यथा मामला गंभीर रूप ले सकता था।
यह भी पढ़ें: एक ही छत के नीचे 53 लड़कियों की मौत, इजरायल ने मचाई भीषण तबाही
कानून हाथ में न लें: पुलिस
थानाध्यक्ष ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास कर कानून को अपने हाथ में न लें। बच्चा चोरी जैसी घटनाओं को लेकर संवेदनशीलता स्वाभाविक है, लेकिन बिना पुष्टि किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करना दंडनीय अपराध है। अगर किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने महिला को थाने लाकर उसकी पहचान और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए भी पहल की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अफवाहें किसी निर्दोष की जान पर भारी न पड़ें।