कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के कुछ समय बाद एक महिला अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई। जब इस बात की जानकारी उसके पति को मिली तो वह इसे सहन नहीं कर पाया और उसने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। इसके बाद यह खबर उन तक पहुंची, जिन्होंने दोनों की शादी करवाई थी। इस खबर से परेशान होकर उन्होंने भी आत्महत्या कर ली। एक ही घटना से जुड़ी इन दो मौतों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: लड़का है या लड़की चेक करने पर 7 बार जेल गया, 8वीं बार भी उसी आरोप में गिरफ्तार
क्या था पूरा मामला?
गुम्मनूरु के रहने वाले 30 साल के युवक की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन तक सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन 26 जनवरी को उसकी पत्नी मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली और अपने प्रेमी के साथ चली गई। जब यह बात युवक को पता चली तो वह गहरे सदमे में आ गया। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। उसने सुसाइड नोट में पूरी घटना लिखी थी।
इस घटना के बाद अनकोंडा के रहने वाले 36 साल के एक व्यक्ति ने भी आत्महत्या कर ली। बताया गया कि उसी व्यक्ति ने दोनों की शादी तय कराई थी। रिश्तेदार की मौत की खबर मिलने के बाद वह बहुत ज्यादा दुखी और पछतावे में था, जिससे वह खुद को संभाल नहीं पाया।
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह रिश्ता शुरू से ही ठीक नहीं था। शादी के महज कुछ दिनों बाद ही महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का मानना है कि महिला शादी से पहले ही किसी और के साथ रिश्ते में थी और शायद इसी वजह से वह इस शादी से खुश नहीं थी।
यह भी पढ़ें: होमवर्क न करने पर 10 साले के बच्चे को खूब पीटा, धमकी भी दी, टीचर सस्पेंड
सुसाइड नोट में खुलासा
मरने से पहले पति ने एक नोट छोड़ा, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को बताया है। नोट में आरोप लगाया गया है कि पत्नी और उसका प्रेमी उसे लगातार धमकियां दे रहे थे।
इसके अलावा उसने पत्नी के दो रिश्तेदारों के नाम भी लिखे हैं। पुलिस ने 28 जनवरी को कार्रवाई करते हुए पत्नी को 'आत्महत्या के लिए उकसाने' (Abetment of Suicide) के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दावणगेरे पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि बाकी दोषियों पर भी कार्रवाई की जा सके।