उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक मां ने अपने ही 10 साल के बेटे को मरवा डाला। वजह यह थी कि उसके बेटे ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था। अब पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी के अलावा एक और शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद इसी महिला ने अपने बेटे के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक एनकाउंटर के बाद इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। बताया गया है कि महिला के पति की मौत दो साल पहले हो चुकी थी और अब महिला अपने दो बच्चों के साथ ही रहती थी।
यह घटना वाराणशी के रामनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने इस मामले की मुख्य आरोपी महिला, उसके प्रेमी फैजान और उसके साथी राशिद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात एक मुठभेड़ के बाद फैजान को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, रामनगर के मच्छरहट्टा निवासी सोना शर्मा के पति की दो साल पहले एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी और वह अपने 10 वर्षीय बेटे सूरज और 5 वर्षीय बेटी के साथ रहती थी।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति से सम्मानित मुखिया बबीता देवी के घर ED ने छापा क्यों मारा?
क्या बोली पुलिस?
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले सोना शर्मा और गोलाघाट निवासी फैजान का अफेयर शुरू हो गया। इसके बाद फैजान सोना के घर भी आने जाने लगा। अपर पुलिस उपायुक्त टी. सर्वनन ने बताया, ‘तीन दिन पहले सूरज ने अपनी मां और फैजान को उनके बेडरूम में आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। दोनों का डर था कि सूरज उनका राज न खोल दे, इससे महिला और उसका प्रेमी घबरा गए। इसके बाद फैजान ने लड़के को मारने की योजना बनाई।'
यह भी पढ़ें- शरीर पर लिखवाए 559 शहीदों के नाम, हाथ से लेकर पीठ तक बनवाए 636 टैटू
उन्होंने बताया, 'सोमवार शाम को फैजान सूरज को बहला-फुसलाकर बावन बीघा मैदान की झाड़ियों में ले गया। वहां उसने दोस्त राशिद की मदद से कथित तौर पर लड़के की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को छिपा दिया।’ उन्होंने बताया कि अपराध को छिपाने के प्रयास में सोना शर्मा ने रात लगभग 1:30 बजे रामनगर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें दावा किया गया कि उसके बेटे का अपहरण कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस को कैसे शक हुआ?
मंगलवार रात पुलिस ने बावन बीघा की झाड़ियों से सूरज का शव बरामद किया। बाद की जांच के दौरान, मां के व्यवहार से संदेह पैदा हुआ और वह बार-बार फैजान का नाम लेती हुई सुनी गई। पुलिस ने तुरंत फैजान और राशिद को हिरासत में ले लिया पूछताछ के दौरान पुलिस फैजान को मंगलवार देर रात घटनास्थल पर ले गई। वहां उसने एक पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीनकर टीम पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मार दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- लेडी हार्डिंग के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने शुरू की हड़ताल, जानें पूरा विवाद
अधिकारी ने बताया कि फैजान ने अपने प्रेम-प्रसंग का पर्दाफाश होने के डर से सूरज की हत्या कर दी। उसकी मां और उसके प्रेमी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपहरण की योजना बनाई थी। तीनों आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।