उत्तर प्रदेश के अयोध्या से शुक्रवार को एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक महिला ने पहले तो अपने पति को जान से मार डाला और फिर खुद ट्रेन के सामने कूद गई और जान दे दी। यह महिला अपने पति और 22 दिन के बच्चे को घर में बंद करके चली गई थी। कमरे में अकेले बंद पड़े नवजात की भी तबीयत खराब हो गई थी और बाद में उसका इलाज करवाया गया लेकिन नवजात की भी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के गरेरू गांव की है। इस घटना में बाद में बच्चे की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब शुक्रवार की सुबह घर के बुजुर्ग सदस्य गेहूं काटने के लिए खेत में गए थे। घर पर शिवा (27) और उसकी पत्नी संजू (26) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर संजू ने अपने पति शिवा के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: नाबालिग निकलीं 'कुंभ गर्ल' मोनालिसा? पति फरमान के खिलाफ POCSO के तहत FIR दर्ज
सुसाइड लेटर में क्या लिखा?
अपने इसी अपराध को छिपाने के लिए संजू ने अपने पति के शव और 22 दिन के नवजात बच्चे को कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर देवराकोट रेलवे ट्रैक पर चली गई। वहां कुछ देर उसने इंतजार किया और जैसे ही ट्रेन आई उसने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बलवंत चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि देवराकोट के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। पहचान के बाद जब पुलिस उसके घर पहुंची तो घर बाहर से बंद था। ताला तोड़ने पर अंदर पति शिवा का शव मिला और उसके सिर पर चोट के निशान थे।
यह भी पढ़ें: 'पैसे देते रहो और खुश रहो', तलाक मांगने वाले शख्स को सुप्रीम कोर्ट ने दी नसीहत
पास में ही 22 दिन का नवजात बच्चा था। उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। महिला के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने उत्पीड़न का जिक्र किया है। एसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि संजू के पास से बरामद सुसाइड नोट में उसके पति और ससुराल वालों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय निवासी रोशन लाल ने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि महज एक साल पहले हुई इस शादी का इतना भयानक अंत होगा। पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने कहा, 'पोस्टमार्टम के बाद परिवार ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की गहन जांच चल रही है।'