उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चिकन का लेग पीस नहीं मिलने पर एक बारात में बवाल मच गया। हिंसक झड़प में एक युवक की जान चली गई और कई अन्य मेहमान घायल हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार रात शाहपुर थाना क्षेत्र के एक मैरिज हॉल की है। पहले विवाद डीजे पर गाना बजाने पर हुआ। बाद में यह भोजन तक पहुंच गया। वर और वधू पक्ष में हुई झपड़ के बाद मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई। मेहमानों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़ें: हाई अलर्ट पर दिल्ली, आतंकी हमले का खतरा; BJP दफ्तर की बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस के मुताबिक शाहपुर थाना क्षेत्र के एक मैरिज हॉल में नगर निगम के एक कर्मचारी की बेटी का विवाह था कार्यक्रम चल रहा था। पहले डीजे पर गाना बजाने पर बारातियों और दुल्हन पक्ष में विवाद हुआ। मगर बाद में खाना खाते वक्त एक शख्स ने आरोप लगाया कि उसे चिकन लेग पीस नहीं मिला। इस पर उसने पूछा कि लेग पीस क्यों नहीं दिया? बात-बात पर शुरू हुई बहस झगड़े में बदल गई।
लाठी, बेल्ट और तलवारें चलीं
वर और वधू पक्ष ने एक-दूसरे पर हमला शुरू कर दिया। किसी ने बेल्ट की बारिश की तो किसी ने लाठियां बरसाईं। पथराव और तलवारों से भी हमला हुआ। देखते ही देखते मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई। मेहमानों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस के मुताबिक झगड़े में शाहपुर की आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले सुमित (25) को गंभीर चोट लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी नाम नेपाली बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: इंतजार खत्म, कल 10 बजे शपथ लेंगे विजय; 3 दिन में साबित करना होगा बहुमत
तीन महीने पहले हुई थी युवक की शादी
सुमित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। परिवार के लोगों ने बताया कि सुमित मोबाइल फोन की दुकान चलाता था। तीन महीने पहले ही उसका ब्याह हुआ था। पुलिस अधीक्षक (सिटी) निमिष पाटिल कहा कि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।