आज के समय में पैन कार्ड बैंक खाता खुलवाने, आईटीआर फाइल करने, लोन लेने, निवेश करने और कई सरकारी व वित्तीय कामों के लिए जरूरी दस्तावेज बन चुका है। हालांकि कई बार ऐसा होता है कि पैन कार्ड खो जाता है, फट जाता है या जरूरत पड़ने पर हाथ में नहीं होता। ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि आप घर बैठे इसकी डिजिटल कॉपी यानी ई-पैन (e-PAN) मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।
अगर आपका पैन पहले से बना हुआ है और उससे आधार लिंक है तो सिर्फ आधार नंबर और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से कुछ ही मिनटों में ई-पैन डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए किसी दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और डाउनलोड किया गया ई-पैन लगभग हर उस जगह इस्तेमाल किया जा सकता है जहां पैन कार्ड की जरूरत होती है।
यह भी पढ़ें: DigiLocker में जरूरी डॉक्यूमेंट कैसे सेव करें? तरीका जानिए
ई-पैन क्या होता है?
ई-पैन, पैन कार्ड की डिजिटल कॉपी होती है। इसमें वही पैन नंबर, नाम, जन्मतिथि और दूसरी जानकारी होती है जो आपके फिजिकल पैन कार्ड में होती है। यह पीडीएफ फॉर्मेट में मिलता है और इसमें डिजिटल सिग्नेचर व क्यूआर कोड भी होता है जिससे इसकी सत्यता जांची जा सकती है।
किन लोगों को मुफ्त में ई-पैन डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी?
यह सुविधा उन लोगों के लिए है—
- जिनका पैन पहले से बना हुआ है।
- पैन आधार से लिंक है।
- आधार से मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ है।
- पैन ऑपरेटिव है।
अगर ये सभी शर्तें पूरी हैं तो आप बिना किसी शुल्क के ई-पैन डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: छोटे दुकानदार FSSAI लाइसेंस कैसे लें? जानें ऑनलाइन आवेदन का आसान तरीका
आधार और मोबाइल नंबर से ई-पैन डाउनलोड करने का तरीका
स्टेप 1: इनकम टैक्स पोर्टल खोलें
सबसे पहले इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के ई-फाइलिंग पोर्पटल पर जाएं। होमपेज पर Instant e-PAN या Check Status / Download e-PAN का विकल्प दिखाई देगा। इसी पर क्लिक करें।
स्टेप 2: आधार नंबर दर्ज करें
अब अपना 12 अंकों का आधार नंबर भरें। ध्यान रखें कि आपके आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना चाहिए क्योंकि आगे ओटीपी उसी नंबर पर आएगा।
स्टेप 3: ओटीपी से वेरिफिकेशन करें
आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करके अपनी पहचान सत्यापित करें। इसके बाद आगे की प्रक्रिया अपने आप खुल जाएगी।
स्टेप 4: ई-पैन डाउनलोड करें
अगर आपका पैन रिकॉर्ड सिस्टम में उपलब्ध है तो स्क्रीन पर Download e-PAN का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही आपका ई-पैन पीडीएफ फाइल के रूप में डाउनलोड हो जाएगा। चाहें तो इसे मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर में सेव कर सकते हैं।
अगर ई-पैन डाउनलोड नहीं हो रहा है तो क्या करें?
अगर डाउनलोड करते समय कोई दिक्कत आती है तो पहले यह जांच लें कि—
- आधार से मोबाइल नंबर लिंक है या नहीं।
- पैन और आधार की जानकारी एक जैसी है या नहीं।
- पैन एक्टिव है या नहीं।
- ओटीपी सही दर्ज किया गया है या नहीं।
- इंटरनेट कनेक्शन ठीक से काम कर रहा है या नहीं।
ई-पैन डाउनलोड करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- हमेशा आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
- ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
- डाउनलोड की गई पीडीएफ को मोबाइल या कंप्यूटर में सुरक्षित रखें।
- जरूरत पड़ने पर इसकी प्रिंट कॉपी भी निकाल सकते हैं।
- अगर पैन या आधार में नाम, जन्मतिथि या दूसरी जानकारी अलग-अलग है तो पहले उसे अपडेट करा लें।
यह भी पढ़ें: छोड़ी हुई नौकरी का PF अभी तक नहीं निकाला? घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन क्लेम
अगर आपका पैन खो गया है तो क्या करें?
अगर आपका पैन कार्ड खो गया है या अभी आपके पास नहीं है तो नया कार्ड आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। अगर आपका पैन पहले से बना हुआ है तो आप कुछ ही मिनटों में उसका ई-पैन डाउनलोड करके इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे बैंकिंग, टैक्स और दूसरे जरूरी काम बिना रुकावट पूरे किए जा सकते हैं।