अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच एलपीजी गैस को लेकर देश के कई हिस्सों में इन दिनों संकट की स्थिति बनी हुई है। सप्लाई में देरी, कीमतों में बढ़ोतरी और नियमों में बदलाव के कारण आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में जिन लोगों के पास गैस कनेक्शन नहीं है या नया कनेक्शन लेना चाहते हैं उनके लिए भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। नए कनेक्शन को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं और लोग जानना चाह रहे हैं कि वह किस तरह से नया कनेक्शन ले सकते हैं।
सरकार और तेल कंपनियों ने एलपीजी से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल बना दिया है। अब अगर आपको गैस का नया कनेक्शन लेना है तो इसके लिए आपको एजेंसी में जाकर लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं है बल्कि आप घर बैठे अपने लैपटॉप या फोन से सिलेंडर के लिए अप्लाई कर सकते हैं। मोबाइल या लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन आवेदन करके लोग बिना गैस एजेंसी के चक्कर लगाए अपना कनेक्शन शुरू करा सकते हैं। हाल ही में ई केवाईसी को अनिवार्य करने और डिजिटल सिस्टम को बढ़ावा देने के चलते यह प्रक्रिया और तेज हुई है।
यह भी पढ़ें: महिलाओं के लिए 273 सीटें, UP-बिहार से 180 MP, लोकसभा में क्या-क्या बदलेगा?
घर बैठे कैसे करें अप्लाई?
- सबसे पहले अपनी पसंद की गैस एजेंसी (इंडेन,भारत गैस या एचपी गैस) का चयन करें।
- इसके बाद उस एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर “New LPG Connection” या “Apply for New Connection” पर क्लिक करें।
- अपना मोबाइल नंबर डालें और OTP से वेरिफाइ करें।
- ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें और जरूरी जानकारी दर्ज करें।
- इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- ऑनलाइन पेमेंट करें और आवेदन सबमिट कर दें।
- इसके बाद आपको SMS के जरिए कन्फर्मेशन मिल जाएगा।
कौन से डॉक्यूमेंट जरूरी?
- आधार कार्ड
- वोटर ID / राशन कार्ड
- बैंक पासबुक (सब्सिडी के लिए)
- पासपोर्ट साइज फोटो
- मोबाइल नंबर
यह भी पढ़ें: आपके पास जो नोट है वह असली है या नकली, पता कैसे करें? नोट कीजिए टिप्स
कितने दिनों में मिलेगा कनेक्शन?
ज्यादातर लोगों को यह लगता है कि ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद कनेक्शन मिलने में बहुत ज्यादा समय लगेगा लेकिन ऐसा नहीं है। गैस कनेक्शन आपको कितने दिनों में मिलेगा यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी लोकेशन क्या है। आमतौर पर आवेदन करने के बाद 3 से 7 दिनों के अंदर आपका गैस कनेक्शन आपके घर पर डिलीवर कर दिया जाता है।