चीन के शंघाई शहर से धंसती हुई सड़क का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। इस वीडियो में शंघाई की एक व्यस्त सड़क अचानक ढह जाती है। यह वीडियो सड़क के पास लगे कैमरे में कैद हुआ है। इस घटना में केवल सड़क को क्षति पहुंची है, जबकि किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। उस समय सड़क के पास कुछ निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण कई लोग वहां खड़े थे। माना जा रहा है कि निर्माण कार्य में लगे कर्मचारी भी घटना स्थल पर मौजूद थे।
यह वीडियो 11 फरवरी 2026 का बताया जा रहा है। यह सड़क शंघाई शहर के मिन्हैंग जिले में किशिन रोड और लियान रोड के पास स्थित है, जहां करीब 10 से 20 मीटर तक सड़क धंस गई। जब सड़क धंस रही थी, तब आसपास कुछ लोगों की भीड़ जमा थी, जो इस मंजर को देख रही थी। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी लोग वहां से तुरंत भाग निकले। इस घटना के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या चीन की धरती धंस रही है।
यह भी पढ़ें: अचानक बीच सड़क पर लैंड कर दिया प्लेन, दो कारों से टकराया, वीडियो वायरल
चीन पर मंडरा रहा है संकट
शंघाई में एक व्यस्त सड़क का धंसना कोई संयोग मात्र नहीं माना जा रहा है। शंघाई यांग्त्जी नदी के निकट बसा शहर है। यह शहर जलोढ़ मिट्टी पर स्थित है। इस वजह से यहां की धरती नरम मानी जाती है, जो समय के साथ धंस सकती है।
चीन की नॉर्मल यूनिवर्सिटी के कुछ शोधकर्ताओं के शोध के मुताबिक, चीन की 45 प्रतिशत शहरी जमीन हर साल 3 मिलीमीटर से अधिक की दर से धंस रही है, जिसमें से 16 प्रतिशत जमीन हर साल 10 मिलीमीटर से भी ज्यादा की दर से धंसती जा रही है। इसके पीछे भूजल की कमी को एक प्रमुख कारण बताया गया है। इसी शोध को आधार बनाकर कई लोग यह मान रहे हैं कि इसी वजह से शंघाई की जमीन भी धंस रही है।
यह भी पढ़ें: लग्जरी कारें, कोठी और ब्लैक मनी, शिवम मिश्रा के पास है करोड़ों की संपत्ति
शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि सदी के अंत तक चीन के लगभग 25 प्रतिशत तटीय शहर समुद्र तल से नीचे जा सकते हैं। जलवायु परिवर्तन के कारण करोड़ों लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। इन आंकड़ों से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि चीन की धरती इस समय खतरे में है, जिससे आम जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।