उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रुदौली में गुरुवार को एक बुर्का पहनी महिला और उसके साथी ने भारी आतंक मचाया। बदमाशों ने पहले एक नामी ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया और उसके बाद एक सभासद के घर में घुसकर लाखों की डकैती की। इन वारदातों से पूरे इलाके के व्यापारियों और आम जनता में सुरक्षा को लेकर भारी डर बैठ गया है।
रुदौली के कोठी मोहल्ले में महेश ज्वेलर्स की दुकान है। वहां एक महिला बुर्का पहनकर आई और दुकानदार से गहने दिखाने को कहा। जब दुकानदार ने सोने के हार और चेन उसके सामने रखे तो महिला ने अचानक तमंचा निकाल लिया। उसने बंदूक के दम पर गहने लूटे और बाहर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गई। यह पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह भी पढ़ें: बिना तेल और आग के बनाई 2500 डिश, कौन हैं शेफ शिवकुमार?
घर में बहू पर हमला
दुकान लूटने के बाद इसी गुट ने मलिकजादा मोहल्ले में सभासद मोहम्मद शाहिद के घर को निशाना बनाया। उस समय घर में उनकी बहू अकेली थी और सो रही था। बदमाश चुपचाप घर में घुसे और बेड के नीचे रखे जेवर ढूंढने लगे। जब खटपट की आवाज से बहू की नींद खुली, तो बदमाशों ने उसके सिर पर भारी चीज से हमला कर दिया जिससे वह बेहोश हो गई।
जब बहू को होश आया तो उसने हिम्मत दिखाई और बदमाशों को एक कमरे में बंद करने के लिए बाहर से कुंडी लगा दी। उसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया लेकिन जब तक पड़ोसी वहां पहुंचते, लुटेरे छत के रास्ते कूदकर भाग गए। सभासद के मुताबिक उनके घर से करीब 6 लाख रुपये के जेवर लूटे गए हैं।
यह भी पढ़ें: एक ट्रांसजेंडर के दो आशिक, एक की हत्या, क्या था खौफनाक प्लान?
पुलिस की जांच
एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी घटनाओं से इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस का कहना है कि दोनों वारदातों में एक ही गैंग का हाथ लग रहा है। कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य के मुताबिक, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और बुर्का पहनी महिला और उसके साथी की तलाश तेज कर दी गई है।