कैब ड्राइवरों से कई बार लोग परेशान हो जाते हैं। कभी कोई ड्राइवर राइड के दौरान ही लोगों को उतार देता है तो कोई कभी लोकेशन सुनकर उतार देता है। कई बार ज्यादा पैसे मांगने के मामले भी सामने आते हैं। अब महाराष्ट्र की राजधानी से एक मामला सामने आया है जहां एक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है किस ड्राइवर ने सिर्फ 400 मीटर दूर जाने के लिए एक विदेशी नागरिक से 200 डॉलर यानी लगभग 18 हजार रुपये ले लिए। इतनी ही दूर जाने के लिए इस ड्राइवर ने महिला यात्री को लगभग 20 मिनट घुमाया।
यह मामला 12 जनवरी का है। अमेरिका से आई यह महिला मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी थी और उसे पास में ही एक फाइव स्टार होटल जाना था। दूरी लगभग 400 मीटर रही होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, अंधेरी ईस्ट के होटल में जाने के लिए कैब ड्राइवर देशराज यादव ने महिला को लगभग 20 मिनट घुमाया।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक के सरकारी स्कूल में नाली में प्लेट धोते दिखे बच्चे, जांच शुरू
अब यह मामला सामने आया तो 27 जनवरी को पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए देशराज यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, विदेशी महिला से जब शहाड की पुलिस ने संपर्क किया तो उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
कैसे सामने आया मामला?
दरअसल, अर्जेंटिना अरीनो नाम की इस महिला ने X पर एक पोस्ट में लिखा, 'हाल ही में मैं मुंबई में उतरी और हिल्टन होटल जाने के लिए टैक्सी बुक की। ड्राइवर और एक अंजान शख्स पहले तो मुझे एक अंजान जगह ले गए और फिर हमसे 200 डॉलर लिए। बाद में हम होटल छोज़ दिया जो कि सिर्फ 400 मीटर ही दूर था।' महिला ने इसी के साथ कैब ड्राइवर की कार का नंबर भी शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: BHU में दो छात्र गुटों की हिंसक झड़प, पत्थरबाजी, कैंपस में भारी पुलिस तैनाती
रोचक बात है कि लगभग दो हफ्ते बाद पोस्ट करने के बावजूद महिला की ओर से कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई। पुलिस ने खुद से इस ड्राइवर को खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस महिला से संपर्क करके उनका बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है। पुलिस उस शख्स की भी तलाश कर रही है जो आरोपी देशराज यादव के साथ था। पुलिस ने कैब सीज कर ली है और लाइसेंस कैंसल करने के लिए आरटीओ को डीटेल्स भेज दी है।