बिहार के भागलपुर के बरारी ड्योढ़ी रोड में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद उस समय और गरमा गया, जब मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक गोपाल मंडल की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हो गई। बहस के दौरान पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने एक पुलिसकर्मी को 'गंजेड़ी' कह दिया। बरारी के ड्योढ़ी रोड को लेकर शंकर यादव और स्थानीय लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व विधायक गोपाल मंडल पहुंचे थे, जहां उनकी पुलिस से बहस हो गई। इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया है।
सड़क विवाद में एक तरफ स्थानीय लोगों का आरोप है कि शंकर यादव सालों से आम लोगों द्वारा उपयोग किए जा रहे रास्ते को दीवार खड़ी कर बंद करने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वर्ष 2020 में भी इसी स्थान पर बनी दीवार को कोर्ट के आदेश के बाद हटाया गया था। उनका आरोप है कि अब दोबारा उसी रास्ते को बंद करने के लिए निर्माण कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: AIIMS अस्पताल में नर्स ने लगाया गलत इंजेक्शन, 3 साल के बच्चे की हुई मौत
वहीं, दूसरे पक्ष के शंकर यादव ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित जमीन उनकी निजी संपत्ति है और वहां कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि साल 2020 में प्रशासन ने गलतफहमी में उनकी दीवार तोड़ दी थी, जबकि उसके समर्थन में उनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं।
पुलिस को कहा 'गंजेड़ी'
विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान पूर्व विधायक गोपाल मंडल भी वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू हो गई।
बहस के दौरान गोपाल मंडल ने एक पुलिसकर्मी के लिए आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया, जिस पर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। बरारी थाना पुलिस ने पूर्व विधायक को स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक पद पर रहने का अर्थ यह नहीं है कि किसी सरकारी कर्मी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाए।
यह भी पढ़ें: रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में मौत, फैसल खान के कोचिंग पर हमले के आरोपी थे
वीडियो वायरल, चर्चा में आया मामला
घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पूर्व विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस साफ देखी जा सकती है। हालांकि, विवादित जमीन और रास्ते को लेकर अंतिम निर्णय प्रशासनिक जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर ही होगा।