बिहार के जमुई जिले में 19 साल के महावीर ठाकुर ने 5 बच्चों की मां सीमा परवीन से शादी कर ली है। दोनों ने घर से भागकर कोलकाता के एक मंदिर में पूरे हिंदू रीति-रिवाज से शादी की जिसके बाद महिला ने मुस्लिम धर्म छोड़कर दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है। दोनों ने शादी के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया जिसके जरिए इस घटना का पता चला और अब जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव का रहने वाला महावीर और पूर्णिया की रहने वाली सीमा परवीन के इस मामले में स्थानीय पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें अपनी मर्जी से साथ रहने की इजाजत दी।
दोनों के बीच करीब दो साल पहले एक मिस्ड कॉल या रॉन्ग नंबर के जरिए संपर्क हुआ था। इस फोन कॉल के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातें होती थीं लेकिन धीरे-धीरे यह बातचीत रोज घंटों होने लगी। फोन पर लगातार हो रही इस बातचीत के बाद दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे और दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया।
यह भी पढ़ें: रील बनाने से रोका तो प्रेमी संग फरार हुई पत्नी, रो रहे 3 बच्चे, पति का बुरा हाल
दो बार धर्म परिवर्तन
महिला का असली नाम पहले बिंदु देवी था और वह हिंदू परिवार से थी। करीब 10 साल पहले उसे पूर्णिया के रहने वाले मोहम्मद मनन आलम नाम के मुस्लिम युवक से प्यार हुआ था। उस समय उसने अपना घर छोड़कर और हिंदू धर्म त्यागकर इस्लाम अपना लिया था। धर्म बदलने के बाद उसने अपना नया नाम सीमा परवीन रख लिया था। मोहम्मद मनन आलम और सीमा परवीन के इस रिश्ते से उनके 5 बच्चे भी हुए।
जब महावीर और सीमा परवीन का प्यार बढ़ा तो सीमा ने एक बार फिर सब कुछ छोड़ने का फैसला लिया। वह अपने 5 बच्चों और घर को छोड़कर सीधे कोलकाता पहुंच गई। महावीर भी अपने गांव से कोलकाता पहुंच गया और दोनों ने वहां के एक मंदिर में पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी कर ली। शादी के बाद सीमा परवीन ने मुसलमान से वापस हिंदू बनकर बिंदु देवी रखने का फैसला किया। शादी होने के बाद दोनों ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया जिसमें उन्होंने अपने साथ रहने की बात कही।
पत्नी के अलग-अलग दावे
शादी की खबर मिलने के बाद सीमा परवीन के पहले पति मोहम्मद मनन आलम का बयान भी सामने आया है। मनन आलम ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर काम करता था और सीमा का आचरण शुरू से ही ठीक नहीं था। मनन आलम ने साफ कहा कि अब उसका सीमा से कोई रिश्ता नहीं है वह अपने पांचों बच्चों को खुद संभालेगा लेकिन सीमा को कभी वापस अपने पास नहीं रखेगा। दूसरी तरफ सीमा परवीन ने कहा कि पहला पति मनन आलम शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया करता था जिससे तंग आकर उसने महावीर का साथ चुना।
महिला की उम्र अलग-अलग दावों में 36 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। महावीर ने कहा कि उसे बिंदु के अतीत से कोई लेना-देना नहीं है। बिंदु की पिछली जिंदगी कैसी थी और उसने पहले क्या किया, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। महावीर ने साफ शब्दों में कहा कि उसने बिंदु से प्रेम किया है और वह उसके वर्तमान के साथ ही पूरी जिंदगी जीना चाहता है।
यह भी पढ़ें: 'वेज बिरयानी नहीं, वेज पुलाव', उत्तराखंड में यह कैसा अभियान चला रहे संत?
पुलिस की पूछताछ
दोनों की शादी की खबर जब महावीर के गांव पहुंची, तो ग्रामीणों ने इसकी शिकायत स्थानीय खैरा थाना पुलिस से कर दी। उसके बाद पुलिस ने महिला और महावीर ठाकुर दोनों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिसकर्मियों के सामने भी दोनों अपनी जिद पर अड़े रहे और एक-दूसरे के साथ ही रहने की बात कही। दोनों के पूरी तरह से बालिग होने और अपनी मर्जी से साथ रहने का फैसला करने के कारण पुलिस ने पूछताछ और बयान दर्ज करने के बाद दोनों को छोड़ दिया।