चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर देशभर में लोग आवाज उठा रहे हैं। विपक्षी दल कई राज्यों में बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं तो सत्ता पक्ष के लोग कह रहे हैं कि चीनी की कीमतों को जल्द ही कम कर लिया जाएगा। कुछ नेताओं के बयान चीनी की कीमतों से भी ज्यादा चर्चा का विषय बन जा रहे हैं। कुछ दिन पहले बिहार के मंत्री ने कह दिया था कि चीनी से सुगर होता है और अब ऐसा ही एक बयान मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया है। उन्होंने कहा कि आजकल करीब 90 फीसदी लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते और वह खुद भी मीठा नहीं खाते।
दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को इंदौर के परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्ध सेवा आश्रम पहुंचे थे। यहां उन्होंने बुजुर्गों, दिव्यांग बच्चों और आश्रम की महिलाओं के साथ रक्षाबंधन मनाया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल पूछा गया। इसी पर उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया और उनका यह जवाब अब वायरल हो रहा है। उनके इस बयान के लिए उनकी आलोचना भी हो रही है।
यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ में फंसे हैं आपके अपने? हेल्पलाइन नंबर जारी, चेक कीजिए
क्या बोले कैलाश विजयवर्गीय?
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एक-दो दिन पहले चीनी करीब 70 रुपये किलो थी और अब 60 रुपये के आसपास आ गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके दाम आगे और कम होंगे। इसके बाद उन्होंने कहा, 'आजकल 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते। मैं खुद मीठा खाना पसंद नहीं करता हूं। मैं चाहता हूं कि चीनी खूब महंगी हो जाए, ये सेहत के लिए नुकसानदायक है।' उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए चीनी सस्ती मिल जाएगा बाकी 40 के ऊपर तो आयुर्वेद भी चीनी खाना अच्छा नहीं मानता है। उन्होंने अपने पास बैठे लोगों के नाम लेकर कहा कि ये भी चीनी खाना पसंद नहीं करते हैं।
चीनी को बताया नुकसानदायक
कैलाश विजयवर्गीय ने चीनी की कीमतों पर अपनी बात को स्वास्थ्य से भी जोड़कर समझाया। उन्होंने कहा कि 40 साल की उम्र के बाद चीनी का सेवन स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं माना जाता। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल साइंस के साथ-साथ आयुर्वेद में भी ज्यादा चीनी खाने से बचने की सलाह दी जाती है।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट का जज बताकर बेल देने को कहा था, ठग सुकेश चंद्रशेखर दोषी करार
लोग कर रहे आलोचना
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हो रही है। लोग उनकी सरकार की नाकामी से जोड़कर उनके बयान को देख रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने भी उनका वीडियो शेयर कर उनपर हमला बोला। कांग्रेस ने लिखा, 'अपनी सरकार की नाकामियों पर उल-जलूल दलीलें देकर पर्दा डालना, BJP नेताओं की बुरी आदत बन गई है। कभी
निर्मला सीतारमण
पेपर लीक का फायदा बताती हैं, तो कभी BJP के मुख्यमंत्री जलभराव की तुलना वेनिस और कैलिफोर्निया से करते हैं। लेकिन जनता कुछ भूलने वाली नहीं है। समय आने पर करारा जवाब देगी।'