logo

मूड

ट्रेंडिंग:

अनुष्ठान के लिए आई महिला, तांत्रिक ने रेप की कोशिश की, रोका तो मार डाला

तांत्रिक धुले में एक गौशाला चलाता है। तंत्र मंत्र के नाम पर पहले उसने महिला को बहलाने की कोशिश की, जब महिला नहीं मानी तो हत्यारा बन गया।

AI Image

सांकेतिक तस्वीर। AI इमेज। Photo Credit: ChatGPT

महाराष्ट्र के धुले जिले में एक स्वयंभू बाबा और तांत्रिक ने धार्मिक अनुष्ठान के बाद दो लोगों की हत्या कर दी। तांत्रिक का नाम योगेश उर्फ भैय्या बापू खैरनार है। वह सकरी तालुका के जैताने गांव में एक आश्रम चलाता है। शनिवार को शनि अमावस्या के दिन रात में आश्रम में विशेष पूजा चल रही थी, तभी उसने कुछ ऐसा किया, जिसे सुनकर लोग सन्न हैं।

योगेश तांत्रिक एक धार्मिक अनुष्ठान पर बैठा था। उसकी पूजा में शामिल होने 25 साल की एक महिला और एक शख्स आया था। शख्स का नाम अक्षय गंगाधर सोनवाणे था।

महिला परिवार की समस्या और नौकरी की अरदास लेकर तांत्रिक के पास आई थी। तांत्रिक ने उसे पूजा करने की सलाह दी थी। पूजा के बाद अक्षय अचानक बीमार पड़ गया और उसे तेज उल्टी होने लगी। तब तांत्रिक ने महिला को उसके घर छोड़ने की बात कही और मोपेड पर बिठाकर ले गया।

यह भी पढ़ें: पति का वशीकरण कराने गई थी पत्नी, तांत्रिक के साथ ही भाग गई

रास्ते में रेप की कोशिश की, विरोध किया तो मार डाला

रास्ते में योगेश ने महिला के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया और चीखने लगी। आरोपी ने कथित तौर पर वहीं महिला को गला घोंटकर मार डाला और मोपेड को वहीं छोड़ दिया। आश्रम लौटने पर अक्षय ने योगेश से पूछताछ की। उसने देखा कि महिला और तांत्रिक दोनों के फोन बंद थे। शक होने पर अक्षय ने सवाल पूछे तो योगेश तांत्रिक ने लोहे के एक हथियार से उसे भी मार डाला। बाद में आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। 

बैलगाड़ी में लादकर लाश फेंक दी

अक्षय की लाश बैलगाड़ी में डालकर आश्रम के पीछे पहाड़ियों की तरफ ले गया। वहां से एक नाला बहता है, उसी के पास लाश रख दी। बबूल की टहनियों से लाश को ढक दिया।

महिला के शव को पत्थर से दबाया

महिला की लाश, रायपुर-भदगांव रोड पर मिला। उसके चेहरे पर कपड़ा डाला गया था और ऊपर भारी पत्थर रखा था।पुलिस को केस की जानकारी जैसे ही मिली, छानबीन शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें: जहरीले लड्डू, शराब, कोल्ड ड्रिंक; दिल्ली के ट्रिपल मर्डर केस में तांत्रिक एंगल

कैसे ढोंगी बाबा के आश्रम तक पहुंची पुलिस?

घटनास्थल पर एक केसरिया रंग का रुमाल छूटा था। कुत्ते की मदद से पुलिस सीधे बाबा के आश्रम तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपी ने दोनों हत्याओं की बात कबूल ली। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। 

किस सवाल का जवाब तलाश रही है पुलिस?

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या यह हत्याएं अंधविश्वास या जादू-टोने से जुड़ी थीं। फिलहाल आरोपी बाबा को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना से इलाके में काफी गुस्सा है। लोग ऐसे फर्जी बाबाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 


और पढ़ें