कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी इन दिनों केरल दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने इस दौरे का एक वीडियो एक्स अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें वह एक डेयरी फार्म में दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने एक मजेदार किस्सा शेयर करते हुए लिखा कि आज उन्होंने आलिया भट्ट नाम की एक गाय से मुलाकात की। प्रियंका ने इस पोस्ट में आलिया भट्ट को टैग करते हुए लिखा, 'आलिया भट्ट से क्षमा चाहती हूं, लेकिन वह वाकई बहुत प्यारी थीं!' प्रियंका की इस पोस्ट को लोग सोशल मीडिया पर खूब पसंद कर रहे हैं और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में प्रियंका गांधी को केरल के तिरुवंबाडी स्थित एक डेयरी फार्म में गायों को सहलाते और उन्हें खाना खिलाते हुए देखा जा सकता है। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज उन्होंने एक प्यारे से परिवार के डेयरी फर्म में डेयरी किसानों के एक समूह से मुलाकात की। प्रियंका ने इस पोस्ट के शुरुआत में आलिया भट्ट वाला मजेदार किस्सा सुनाया लेकिन बाद में उन्होंने केरल के डेयरी फर्म के किसानों की समस्याओं पर भी बात की।
यह भी पढ़ें: 'अपने लोगों पर बम गिराता है', UN के मंच से भारत की PAK को फटकार
प्रियंका ने किसानों से की मुलाकात
प्रियंका ने डेयरी किसानों के एक समूह से मुलाकात कर उनकी दिक्कतों के बारे में जाना। प्रियंका गांधी ने लिखा, 'दुर्भाग्य से डेयरी किसान कई मुश्किलों से जूझ रहे हैं और कई तो अपना गुजारा भी नहीं कर पा रहे हैं। मैं संबंधित मंत्रालय को पत्र लिखकर उन्हें पशु चिकित्सा दवाओं की बढ़ती कीमतों, पर्याप्त बीमा कवरेज की कमी और अच्छी गुणवत्ता वाले पशु आहार तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों सहित उनके सामने आने वाली कई समस्याओं से अवगत कराना चाहती हूं।' इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने उन सभी किसानों का आभार जताया, जिन्होंने उन्हें इन मुद्दों को समझाया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में लैंडस्लाइड के मलबे में दबी बस, 10 की मौत कई घायल
लोगों ने प्रियंका की तारीफ की
इस पोस्ट पर लोग प्रियंका की सराहना कर रहे हैं। कमेंट बॉक्स में लोग अपनी राय रख रहे हैं और केरल के लोग किसानों की समस्याएं देश के सामने रखने के लिए प्रियंका गांधी का आभार जता रहे हैं। एक व्यक्ति ने लिखा, 'यह सराहनीय है कि आप किसानों से मिल रही हैं और उनकी मुश्किलों को समझ रही हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि संबंधित मंत्रालय पशु चिकित्सा दवाओं की लागत और गुणवत्तापूर्ण पशु आहार जैसे गंभीर मुद्दों पर जल्द ही ध्यान देगा। आपके प्रयास सराहनीय हैं।'
एक महिला ने लिखा, 'आप बहुत दयनीय और जमीन से जुड़ी नेता हैं। उन लोगों के साथ खड़े होने के लिए धन्यवाद, जो देश को पोषण देते हैं।'
प्रियंका गांधी की इस पोस्ट पर एक व्यक्ति ने किसानों को आने वाले दिक्कतों के बारे में भी लिखा। उन्होंने लिखा, 'प्रियंका जी किसानों को इंश्योरेंस कलेम नहीं मिल रहा है। ग्रामीण लोग इंश्योरेंस कलेम की मांग करते-करते थक चुके हैं और अब उन्होंने उम्मीद भी छोड़ दी है। आप अगर संसद में इन किसानों का मुद्दा उठाएंगी तो संभव है कि कोई बेहतर परिणाम निकलें।'