उत्तर प्रदेश के औरैया में उम्र की सीमाओं से परे एक कथित प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बन चुकी है। औरैया में 75 साल के रामसुगर और 30 साल की लड़की रानी राजपूत की प्रेम कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट वायरल हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, चर्चा है कि दोनों ने करीब एक सप्ताह पहले सगाई कर ली है और अब शादी की तैयारी की जा रही है। सोशल मीडिया पर दोनों इस बारे में वीडियो शेयर कर रहे हैं और इंटरव्यू भी दे रहे हैं।
सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इस रिश्ते को लेकर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं भी देनी शुरू कर दी हैं। दोनों की उम्र में करीब 45 वर्ष का अंतर है, जिसके कारण यह सगाई वायरल हो रही है। बता दें कि रानी राजपूत एक ब्लॉगर हैं और औरैया के दयालपुर की रहने वाली हैं, जबकि रामसुगर सहार क्षेत्र के अरियारी गांव के निवासी हैं।
यह भी पढ़ें: 'मुझे भगाया गया', BJP छोड़ SP में शामिल होने पर ऐसा क्यों बोले भवानी भीख शुक्ला?
नवरात्री के बाद शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रानी राजपूत का रामसुगर के घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इस कथित प्रेम कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे उम्र की सीमाओं से परे सच्चा प्यार बता रहे हैं, तो कुछ इसे सोशल मीडिया पर व्यूज और लोकप्रियता बढ़ाने का स्टंट मान रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी सामने आ रही है कि उनकी सगाई तो हो चुकी है, लेकिन शादी नवरात्रि के बाद होगी।
वीडियो शूट करते हुआ इश्क
रामसुगर की बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं। जानकारी के अनुसार, करीब सात साल पहले राधा की मां का निधन हो गया था। रानी उनके घर आती थीं। सभी मिलकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो शूट करते थे। इसी दौरान रामसुराग और रानी एक दूसरे को पसंद करने लगे।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके से ढहा 2 मंजिला मकान, कई लोग दबे
क्या है सच्चाई?
यह भी पता चला है कि करीब एक हफ्ते पहले औरैया के ही एक ब्यूटी पार्लर में रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई हुई। मामले को लेकर यह भी चर्चा हो रही है कि सगाई के दौरान रामसुगर की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर भी जमकर ट्रोलिंग हो रही है।
फिलहाल लोग सोशल मीडिया पर रामसुगर और रानी के रिश्ते को लेकर लगातार अपने-अपने विचार शेयर कर रहे हैं। लोग यह भी जानना चाह रहे हैं कि क्या वास्तव में रामसुगर और रानी राजपूत की शादी होगी या सोशल मीडिया पर खुद को चर्चा में लाना ही इनका उद्देश्य था। इससे पहले भी कुछ इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं जिनमें लोगों ने मशहूर होने के लिए इस तरह के अव्यवहारिक रिश्तों का सहारा लिया। हालांकि, बाद में यह सब सिर्फ सोशल मीडिया कंटेट के लिए किया गया स्टंट ही निकला।