उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दूल्हे की शादी से कुछ देर पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दूल्हा की बारात का इतंजार दुल्हन पक्ष के लोग करते ही रह गए, उन्हें अचानक मौत की खबर मिली। पूरे परिवार में मातम फैल गया। सिंदूर लगने से पहले ही दुल्हन का सुहाग उजड़ गया। पुलिस, हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
यह मामला, खेतासराय थाना इलाके के बीबीपुर गांव का है। शुक्रवार शाम को दूल्हा अपनी बारात लेकर जा रहा था। दूल्हे उम्र 27 साल थी। दूल्हे की पहचान, आजाद बिंद के तौर पर हुई है। वह बड़उर गांव का रहने वाला था। दूल्हे के पिता राम लखन बिंद का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: इंतजार करता रह गया दूल्हा, मंडप से कूदकर दुल्हन ने प्रेमी के गले में डाली वरमाला
दूल्हे की गाड़ी रोकी, ठोक दी गोली
पुलिस अधीक्षक (सिटी) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आजाद बिंद की बारात, शाम करीब सात बजे खेतासराय के बीबीपुर गांव के पास पहुंची थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश बदमाश अचानक वहां पहुंचे और दूल्हे की गाड़ी से आगे निकल कर आजाद पर गोली चला दी।
गोली लगने से हुई दूल्हे की मौत
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गोली लगते ही दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजन और बाराती घायल दूल्हे को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक आरोपी की पहचान, आनंद तिवारी के तौर पर हुई है।
यह भी पढ़ें: नशे में लड़खड़ाते हुए पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने शादी करने से कर दिया इनकार
मातम में बदल गईं खुशियां
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि हत्या की वजह तलाशी जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दूल्हे की हत्या, अनजान रहे दुल्हन पक्ष के लोग
दूल्हे की हत्या के बाद काफी देर तक दूल्हन पक्ष अनजान रहा। 9.30 पर लड़की के घरवालों को पता चला कि आजाद की हत्या हो गई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आजाद की संगत ठीक नहीं थी, वह कई अपराधियों की संगत में रहता था, मनमुटाव के बाद साथी भड़के और मार डाला। ऐसी भी चर्चा है कि लोग उसकी शादी को लेकर पहले ही आपत्ति जता चुके थे। 22 और 25 साल के दो युवकों ने आजाद पर गोली चला दी। पुलिस केस की छानबीन में जुटी है।