कांग्रेस पार्टी की सांसद प्रियंका गांधी इन दिनों असम के दौरे पर हैं। असम के विधानसभा चुनाव से पहले स्क्रीनिंग कमेटी की मुखिया बनाई गई प्रियंका गांधी इन दिनों पार्टी के नेताओं से मिल रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वह असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर राजीव भवन में थीं तब एक महिला नेता को अंदर जाने से रोक दिया गया। बालिका पेगू नाम की इन महिला नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह कह रही हैं कि जब एक मियां ने इस ऑफिस में मरी हुई गाय फेंक दी थी तब साफ करने वही आई थीं और अब उन्हें ही अंदर जाने से रोका जा रहा है। इसी वीडियो में देखा जा सकता है कि उनके शोर-शराबे के बाद उन्हें पार्टी के दफ्तर में जाने दिया गया।
असम के दो दिन के दौरे पर पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर और पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा है, 'मैं सभी से मिल रहा हूं और उनके सुझाव और विचार सुन रही हूं। हमारी कोशिश है कि योग्य और जनसमर्थन वाले लोगों को ही प्रत्याशी बनाया जाए।' गठबंधन के बारे में प्रियंका का कहना है कि समय आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: विनोद जाखड़ कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के नए अध्यक्ष, वरुण चौधरी की छुट्टी
बालिका पेगू ने क्या कहा?
जब बालिका पेगू को गेट पर ही रोक दिया गया था, तब वह भड़क गईं। उन्होंने कहा, 'साल 2014 में चुनाव हारने के बाद जब राजीव भवन में मरी हुई गाय फेंक दी गई थी, तब कोई आगे नहीं आया और मैंने ही राजीव भवन की सफाई की थी। आज मुझे ही अंदर नहीं आने दे रहे हैं।'
देखा जा सकता है कि जैसे ही वह चिल्लाती हैं और अंदर की ओर बढ़ती हैं तो अंदर से एक नेता आते हैं और बालिका पेगू को चुप रहने का इशारा करते हैं। बाद में वह अंदर चली जाती हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रियंका गांधी से उनकी मुलाकात हो पाई या नहीं।
यह भी पढ़ें: AI समिट में टॉपलेस होकर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ता, PM मोदी के खिलाफ नारेबाजी
कौन हैं बालिका पेगू?
बालिका लोहान पेगू लंबे समय से कांग्रेस में काम कर चुकी हैं। जब भूपेन कुमार बोरा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे तब उन्होंने बालिका पेगू को बजाली जिली की जिम्मेदारी भी दी थी। वह राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रह चुकी हैं। कांग्रेस संगठन में वह असम कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी और असम प्रदेश महिला कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी भी रह चुकी हैं। उन्होंने ताई अहोम डेवलपमेंट काउंसिल के सदस्य के तौर पर भी काम किया है।