भारतीय बाइक कंपनियां और बाइक्स भारत के साथ विदेशों में भी अपनी पहचान बना रही हैं। मैक्सिको, कोलंबिया, नाइजीरिया और ग्वाटेमाला जैसे देशों में भारतीय कंपनियों की बाइक्स की मांग बढ़ रही है। इनमें बजाज, टीवीएस और हीरो जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत से 41.98 लाख दोपहिया वाहनों का निर्यात हुआ। वित्त वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा 34.58 लाख था। यानी निर्यात में करीब 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
वैसे तो जापान की होंडा, यामाहा और सुजुकी जैसी कंपनियों की दुनिया भर में मजबूत पकड़ है। हालांकि, भारतीय कंपनियां कम कीमत, बेहतर माइलेज और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली मोटरसाइकिलों के जरिए दुनियाभर में इनसे मुकाबला कर रही हैं। भारतीय कंपनियों के लिए अब सिर्फ निर्यात बढ़ाना नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में अपनी पकड़ बनाए रखना भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान: विधायक के PA की पत्नी हारी चुनाव, गांव से उतरवा दी 50 रोड लाइटें
क्या बताते हैं आंकड़े?
भारत से दोपहिया वाहनों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। भारतीय वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत से 41,98,403 दोपहिया वाहनों का निर्यात हुआ, यानी लगभग 42 लाख यूनिट। साल 2023-24 में यह आंकड़ा 34,58,416 था। ऐसे में देखा जाए तो पिछले साल के मुकाबले इस साल 21 फीसदी अधिक है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत से दोपहिया वाहनों के निर्यात का कुल मूल्य 3,206.62 मिलियन डॉलर रहा। इसमें मैक्सिको और कोलंबिया सबसे बड़े खरीदार देशों में शामिल रहे।
जापानी कंपनियों को कैसे मिल रही टक्कर?
जापान की होंडा, यामाहा और सुजुकी जैसी कंपनियों की वैश्विक बाजार में मजबूत पकड़ है। हालांकि, भारतीय कंपनियां किफायती कीमत, बेहतर माइलेज और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली मोटरसाइकिलों के जरिए टक्कर दे रही हैं।
अफ्रीका और लैटिन अमेरिका जैसे बाजारों में बाइक का इस्तेमाल केवल आने-जाने के लिए नहीं, बल्कि कारोबार और सामान पहुंचाने के लिए भी होता है। ऐसे में कम कीमत, आसान रखरखाव और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता भारतीय कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।
