देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 102.12 रुपये हो गई है। वहीं डीजल 2.71 रुपये महंगा होकर 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। यह पिछले दो हफ्तों में चौथी बार की गई बढ़ोतरी है।
पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जंग जैसे हालात की वजह से तेल कीमतें आसमान छू रही हैं। दुनिया में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, जिसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। शनिवार को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 1 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। मई के महीने में यह पहली बढ़ोतरी 15 मई को हुई थी।
किस शहर में कितना महंगा है पेट्रोल-डीजल?
कोलकाता में पेट्रोल अब 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये पहुंच गया है। चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है।
क्यों भारत पर पड़ रहा है असर?
भारत अपनी जरूरत का 88 प्रतिशत से ज्यादा कच्चा तेल विदेश से आयात करता है। ऐसे में विदेशी कीमतों और डॉलर के भाव में बदलाव का सीधा असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ता है। अप्रैल 2022 से भारत में तेल की कीमतें स्थिर थीं, अब एक बार फिर तेल के दाम बढ़े हैं, जिनकी वजह से आम आदमी परेशान है।
