किसी भी चुनाव में मतदान खत्म होने के बाद लोगों के रुझान बताए जाते हैं। इसका अनुमान लगाने के लिए उन लोगों से बात की जाती है जो वोट डालकर निकलते हैं। इसी को एग्जिट पोल कहा जाता है। हर चुनाव में वोटिंग के तुरंत बाद टीवी चैनलों और पोलिंग एजेंसियों की ओर से ऐसे एग्जिट पोल सामने आते हैं। कई बार ये एग्जिट पोल सही और कुछ बार गलत भी होते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है और एग्जिट पोल आने लगे हैं। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि पिछली बार यानी साल 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद जो एग्जिट पोल आए थे वे असल नतीजों के आने पर कितने सही या गलत साबित हुए थे। रोचक बात यह है कि पिछली बार आए 8 प्रमुख एग्जिट पोल्स ने बताया था कि सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को ही जीत मिल रही है। जीत और हार के मामले में सभी एग्जिट पोल सही साबित हुए थे लेकिन सीटों की संख्या के मामले में एक-दो एग्जिट पोल ही सटीक बैठे थे।

 

पिछले दो चुनावों से बंपर वोट पाकर जीतती आ रही आम आदमी पार्टी के लिए इस बार की लड़ाई चुनौतीपूर्ण बताई जा रही है। शायद यही वजह रही कि इस बार AAP ने अपने कई मौजूदा विधायकों के टिकट भी काट दिए। वहीं, BJP ने भी AAP और कांग्रेस से आए कई नेताओं को टिकट देकर तगड़ी फाइट देने की कोशिश की है। ऐसे में नए एग्जिट पोल्स के रुझान जानने से पहले एक बार जान लेते हैं कि पिछली बार के एग्जिट पोल कितने सच या झूठ साबित हुए थे।

 

यह भी पढ़ें- वोटिंग के बीच सोशल मीडिया पर AAP-BJP की जंग जारी

नतीजे क्या थे?

 

पिछले चुनाव में सत्ताधारी AAP को 70 में से 62 सीटों पर जीत मिली थी। यानी उसे कुल 5 सीटों का नुकसान हुआ था। वहीं, विपक्षी बीजेपी को कुल 8 सीटों पर जीत मिली थी और उसे 5 सीटों का फायदा हुआ था। कांग्रेस पार्टी एक बार फिर खाता खोलने में नाकामयाब हुई थी और एक भी सीट पर उसे जीत नहीं मिली थी।

सबसे सटीक एग्जिट पोल

 

पिछली बार दो एग्जिट पोल ऐसे थे जो नतीजों के बिल्कुल पास थे। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने अपने एग्जिट पोल में बताया था कि AAP को 59 से 68 सीटें मिल सकती हैं और बीजेपी को 2 से 11 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को शून्य सीटों का अनुमान था। इंडिया टुडे-एक्सिस का यह एग्जिट पोल एकदम सटीक साबित हुआ था और AAP को 62, बीजेपी को 8 और कांग्रेस को 0 सीटें मिलीं। ABP-सीवोटर ने अपने एग्जिट पोल में AAP को 49 से 63 सीटें और बीजेपी को 5 से 19 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। यह एग्जिट पोल भी नतीजों के लगभग आसपास ही था।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली चुनावः रोडशो में महिला को फ्लाइंग किस, AAP विधायक पर FIR दर्ज

 

इन दो के अलावा, टीवी-9 के एग्जिट पोल में AAP को 54 सीट, टाइम्स नाउ ने 44 सीट, सुदर्शन न्यूज ने 40 से 45 सीट, इंडिया टीवी ने 44 सीट, रिपब्लिक-जन की बात ने 48 से 61 सीट और न्यूज एक्स ने 53 से 57 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था।

 

सुदर्शन न्यूज ने बीजेपी को 24 से 28 सीटें, इंडिया टीवी ने 26 सीट, टाइम्स नाउ ने 26 सीट और टीवी9 ने 15 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। हालांकि, बीजेपी सिर्फ 8 सीटें ही जीत पाई थी। वोट प्रतिशत की बात करें तो इंडिया टुडे-एक्सिस ने AAP को 56 पर्सेंट और बीजेपी को 35 पर्सेंट वोट मिलने का अनुमान जताया था।